'बोल बम' और 'हर हर महादेव' से गूंजी रामनगरी, सावन के पहले सोमवार को अयोध्या में उमड़ा शिवभक्तों का जनसैलाब

'बोल बम' और 'हर हर महादेव' से गूंजी रामनगरी, सावन के पहले सोमवार को अयोध्या में उमड़ा शिवभक्तों का जनसैलाब

Aug 4, 2026 - 10:58
 0  11
'बोल बम' और 'हर हर महादेव' से गूंजी रामनगरी, सावन के पहले सोमवार को अयोध्या में उमड़ा शिवभक्तों का जनसैलाब

अयोध्या(हिन्द भास्कर):- श्रावण मास के प्रथम सोमवार को रामनगरी अयोध्या पूरी तरह शिवमय हो गई। ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से नगर गूंज उठा। सरयू तट से लेकर मंदिर परिसरों तक भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। योगी सरकार की व्यापक तैयारियों और जिला प्रशासन की सतर्कता के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा का अद्भुत नजारा पेश किया। सुबह से ही कांवड़ियों और अन्य शिव भक्तों की कतारें दिखने लगीं।

सरयू में पवित्र स्नान के बाद भक्त बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए निकल पड़े। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष रूप से भीड़ रही। ऐतिहासिक नागेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यह मंदिर अयोध्या का सबसे प्राचीन और प्रमुख शिवालय माना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान राम ने ही इसकी स्थापना की थी। सावन के पहले सोमवार पर यहां शिवलिंग का भव्य श्रृंगार किया गया और भक्तों ने दूध, बेलपत्र, धतूरा और जल अर्पित कर मनोकामनाएं कीं।

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में भी श्रद्धा का विशेष माहौल रहा। मंदिर के ईशान कोण उत्तर-पूर्व में स्थित कुबेर टीला के शिव मंदिर में ट्रस्टी महंत दिनेन्द्रदास ने अर्चकों के साथ भगवान रुद्र का अभिषेक किया। शिवलिंग का आकर्षक श्रृंगार किया गया। प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन को लेकर भी भारी भीड़ उमड़ी। अयोध्या के अन्य प्रमुख शिवालयों क्षीरेश्वर नाथ, पंचमुखी महादेव, झारखंडेश्वर महादेव, मऊ शिवाला स्थित शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी जलाभिषेक के लिए सुबह से ही कतारें लग गईं।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त रखा। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। योगी सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, शेड, मेडिकल कैंप, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती को अंतिम रूप दिया गया था। जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। एसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने बताया कि सावन के पूरे महीने विशेष सुरक्षा और सुविधा व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। सभी प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी निगरानी, वॉलंटियर्स और पुलिस बल तैनात हैं।

भक्तों से अपील की गई है कि वे अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सरयू के किनारे आरती और भजन की गूंज सुनाई दे रही थी। कांवड़िया ‘बोल बम’ के नारे लगाते हुए मंदिरों की ओर बढ़ रहे थे। कई भक्त पैदल कांवड़ लेकर आए थे। सुल्तानपुर से आए श्रद्धालु रामप्रसाद ने बताया कि बाबा भोलेनाथ और प्रभु श्रीराम दोनों एक ही परम तत्व के स्वरूप हैं। सरयू स्नान के बाद नागेश्वरनाथ और रामलला के दर्शन कर मन को अद्भुत शांति मिली।

बोल बम के जयकारों के बीच भक्ति का अलग ही आनंद है। भीड़ अधिक है, लेकिन व्यवस्थाएं भी बेहतर हैं। वहीं लखनऊ से आई श्रद्धालु सुनीता देवी ने कहा कि मैं हर साल सावन में अयोध्या आती हूं। इस बार पहला सोमवार और भी विशेष रहा। कुबेर टीला पर भगवान शिव का अभिषेक और रामलला के दर्शन कर आंखें नम हो गईं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow