मुख्यमंत्री का निर्देश: योजनाओं का लाभ पारदर्शिता से हर पात्र तक पहुंचे
मुख्यमंत्री का निर्देश: योजनाओं का लाभ पारदर्शिता से हर पात्र तक पहुंचे
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद चित्रकूट में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाया जाए। साथ ही सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने 300 शैय्याओं वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने, मंदाकिनी नदी के पुनरुत्थान, गोवंश संरक्षण और किसानों व युवाओं को स्वरोजगार के लिए अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम मंडल के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर विभिन्न विकास कार्यों की कार्ययोजनाओं को अनुमोदन दिया और सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
वहीं मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया। 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' के तहत संचालित यह जनभागीदारी अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण और प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
What's Your Reaction?
