रेमेडी कैंसर केयर ने आयुष्मान और सीएम सहायता कोष से 2000 से अधिक मरीजों का किया उपचार:- मंत्री ए.के. शर्मा
रेमेडी कैंसर केयर ने आयुष्मान और सीएम सहायता कोष से 2000 से अधिक मरीजों का किया उपचार:- मंत्री ए.के. शर्मा
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- लखनऊ के विजय खंड स्थित रेमेडी कैंसर केयर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के सभी चिकित्सकों, चिकित्साकर्मियों एवं स्टाफ को बधाई देते हुए समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। मंत्री शर्मा ने कहा कि मरीजों का जीवन बचाना सबसे बड़ा मानवीय और पुण्य कार्य है।
उन्होंने विशेष रूप से युवा डॉक्टरों की टीम का उत्साहवर्धन किया। आगे उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री सहायता कोष के माध्यम से सरकार का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड ने लाखों परिवारों को राहत दी है और मुख्यमंत्री सहायता कोष से भी जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक मदद मिल रही है। मंत्री शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रेमेडी कैंसर केयर ने आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री सहायता कोष के अंतर्गत 2000 से अधिक मरीजों का सफल उपचार कर अनुकरणीय समाज सेवा का कार्य किया है। ऐसे संस्थान सरकार के जनकल्याणकारी प्रयासों को मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करें, ताकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय रहते जांच और उपचार हो सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित के ऐसे प्रयासों में सरकार हर संभव सहयोग करेगी। इस दौरान मंत्री शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए नशामुक्त जीवनशैली जरूरी है।
कार्यक्रम में रेमेडी कैंसर केयर के निदेशक डॉ. साहब अली उस्मानी, डॉ. अर्चित कपूर, डॉ. अभिजीत कपूर, डॉ. आशुतोष पांडे सहित अन्य चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, मरीज और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
