यूपी ने रचा नया इतिहास: पीएम सूर्य घर योजना के तहत 7 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित

यूपी ने रचा नया इतिहास: पीएम सूर्य घर योजना के तहत 7 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित

Jul 27, 2026 - 18:15
 0  15
यूपी ने रचा नया इतिहास: पीएम सूर्य घर योजना के तहत 7 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि प्रदेश में अब तक 7 लाख से अधिक आवासीय रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश आवासीय रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में गुजरात के बाद देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

मंत्री शर्मा ने कहा कि लगभग ढाई वर्षों में मिली यह सफलता प्रदेश सरकार की दूरदर्शी नीतियों, पारदर्शी एवं डिजिटल कार्यप्रणाली, प्रभावी क्रियान्वयन, केंद्र एवं राज्य सब्सिडी और जनता की बढ़ती भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आवासीय रूफटॉप सोलर की स्थापित क्षमता अब 2,000 मेगावाट से अधिक हो चुकी है। इससे लाखों परिवारों को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा मिल रही है, बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत हो रही है और कई उपभोक्ता मुफ्त बिजली का लाभ ले रहे हैं।

प्रतिदिन करोड़ों यूनिट स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन से कार्बन उत्सर्जन में कमी आई है और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिली है। मंत्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल रूफटॉप सोलर स्थापना तक सीमित नहीं है। सोलर मॉड्यूल, डीसीआर पैनल, इन्वर्टर निर्माण, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली, पीयर-टू-पीयर ऊर्जा व्यापार और डिजिटल ऊर्जा प्लेटफॉर्म जैसे क्षेत्रों में भी प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे निवेश, रोजगार और हरित औद्योगिक विकास को नई दिशा मिल रही है।

मंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा पहुंचाना है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिल रही है। योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार द्वारा हजारों करोड़ रुपये की सब्सिडी का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश रूफटॉप सोलर और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी मॉडल बनकर उभरेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow