एडीजी रामकुमार ने संभाला गोरखपुर जोन का कार्यभार, कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस
1995 बैच के आईपीएस अधिकारी रामकुमार ने गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क को अपनी प्राथमिकता बताया है।
गोरखपुर। वर्ष 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी रामकुमार ने सोमवार देर शाम अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गोरखपुर जोन का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह लखनऊ में एडीजी (लॉजिस्टिक्स) के पद पर तैनात थे। इसके अलावा वह एडीजी ह्यूमन राइट्स तथा एडीजी वाराणसी जोन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार संभालने के बाद एडीजी रामकुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता गोरखपुर जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम जनता के साथ बेहतर संवाद के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को अधिक जनहितैषी और संवेदनशील बनाना होगा।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने और आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने की बात कही।
रामकुमार के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही गोरखपुर जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
What's Your Reaction?
