सीएम योगी का गोरखपुर को तोहफा, 502 करोड़ की 104 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, 17650 करोड़ के MOU
गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने गोरखपुर को 502 करोड़ की 104 परियोजनाओं की सौगात दी, 17650 करोड़ के एमओयू साइन, ट्रेड शो और आवासीय योजना का शुभारंभ।
गोरखपुर(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि विरासत की मजबूत जमीन पर ही विकास की इमारत खड़ी होती है। इसी सोच के साथ सरकार प्रदेश को आगे ले जा रही है। रविवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को 502 करोड़ रुपये से ज्यादा की 104 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी।
उन्होंने इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गोरखपुर ट्रेड शो और ओडीओपी फेस्ट का उद्घाटन किया। साथ ही चकभोप आवासीय योजना और गीडा की नई वेबसाइट को भी लॉन्च किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में उद्योग और निवेश के लिए सबसे बेहतर माहौल बना है। सरकार का लक्ष्य सिर्फ निवेश लाना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करना है।
गोरखपुर और पूरे पूर्वांचल में जिस तेजी से फैक्ट्रियां और औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, वह इसी दिशा में बड़ा कदम है। 104 नई परियोजनाओं से गीडा में बुनियादी सुविधाएं और मजबूत होंगी, जिससे नए उद्योग लगाना और चलाना आसान होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने औद्योगिक और आवासीय भूखंडों के लाभार्थियों को आवंटन पत्र सौंपे।
स्किल ट्रेनिंग पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र भी दिए। इस दौरान 17,650 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों के एमओयू भी साइन हुए। इन निवेशों के जमीन पर उतरने के बाद गोरखपुर में हजारों युवाओं के लिए नौकरी और कारोबार के रास्ते खुलेंगे। ट्रेड शो और ओडीओपी फेस्ट के जरिए स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और छोटे उत्पादकों को अपना सामान देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने का मंच मिलेगा।
वहीं चकभोप आवासीय योजना से गोरखपुर में सुनियोजित बसावट को बढ़ावा मिलेगा। गीडा की नई वेबसाइट से निवेशकों को सारी जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और आसान होगी। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि डबल इंजन की सरकार सिर्फ घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें जमीन पर उतार कर दिखाती है। गीडा का यह स्थापना दिवस समारोह गोरखपुर को पूर्वांचल के नए औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम पड़ाव साबित होगा।
What's Your Reaction?
