वर्चस्ववादी और ताकतवर लोगों ने कई बार पीडीए के लोगों का किया अपमान:- अखिलेश यादव
वर्चस्ववादी और ताकतवर लोगों ने कई बार पीडीए के लोगों का किया अपमान:- अखिलेश यादव
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- शनिवार को आगरा दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि आज हम सभी लोग बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर को उनके परिनिर्वाण दिवस पर याद कर रहे हैं। बाबा साहब ने देश को संविधान दिया है। उसी संविधान की वजह से हक और अधिकार मिल रहा है। संविधान की किताब पीडीए के लिए किस्मत की किताब है। यह किस्मत की किताब न होती तो हम लोगों को न जाने किस-किस परिस्थिति का सामना करना पड़ता।
सभी लोगों ने देखा है कि वर्चस्ववादी और ताकतवर लोगों ने कई बार पीडीए के लोगों का अपमान किया है। सुप्रीम कोर्ट में जूता तक फेक दिया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान हक, सम्मान के साथ-साथ चलने का मौका देता है। संविधान से आरक्षण मिला है। संविधान कमजोर होगा तो लोकतंत्र कमजोर होगा। आरक्षण खत्म हो जायेगा। एकतंत्रीय लोग लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते है। वे संविधान नहीं मनविधान से चलाना चाहते हैं। आज हर तरफ एसआईआर की चर्चा है।
सभी लोगों को वोट बनवाना है। वोट कटने से बचाना है। वोट जोड़ना है। चुनाव आयोग का काम है ज्यादा से ज्यादा लोगों का वोट बने। वोट जुड़े। लेकिन देखा जा रहा है एसआईआर के बहाने कुछ लोग वोट काटना चाहते है। पहली बार सुनने में आ रहा है कि संविधान से बनी हुई संस्था वोट बनवाने से ज्यादा वोट कटवाने की चिंता कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि मेरी हर नागरिक से अपील है कि अपना वोट बनवाये और वोटर लिस्ट में जुडवाएं। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में आगरा समाजवादियों के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम देगा। आगरा के लोगों ने महसूस कर लिया है कि आगरा में मेट्रो समाजवादी सरकार की देन है।
समाजवादी सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया गया। भाजपा की डबल इंजन दिल्ली और लखनऊ की सरकार आज तक एक भी ऐसी सड़क नहीं बना पायी। आगरा में यमुना नदी का हाल बुरा है। भाजपा सरकार में नदियों की स्थिति बेहद खराब हो गयी है। सफाई नहीं है। नदियों के सफाई को लेकर भाजपा सरकार के सारे दावे झूठे हैं। यमुना नदी के किसी घाट पर कोई आचमन नहीं कर सकता है। आगरा में यमुना नदी की स्थिति नाले जैसी हो गयी है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही आगरा में यमुना नदी पर लखनऊ के गोमती नदी जैसा रिवरफ्रंट बनाया जाएगा। यमुना नदी भी मथुरा से लेकर आगरा तक साफ बहेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने भाजपा से समीकरण बनाना सीख लिया है। चुनाव में समीकरण बनाकर जो प्रत्याशी जनता की सेवा करता होगा उसे चुनाव में मौका देंगे। आगरा की पहचान पूरी दुनिया में ताजमहल और दरगाह की वजह से है। लोगों के हुनर की वजह से है। इसे आगे बढ़ाया जायेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि फतेहपुर सीकरी हमारी मिली-जुली संस्कृति की याद दिलाता है। हम लोग मिलजुल कर रहते रहे हैं। हमारे हिन्दुस्तान की यही पहचान है कि अलग-अलग जाति-धर्म के लोग मिलकर साथ रहते है। शेख सलीम चिश्ती की दरगाह की लोगों में बहुत आस्था है।
इस दरगाह को पूरी दुनिया में बहुत सम्मान से देखा जाता है। इसकी सदियों से पहचान है। हमने यहां कामना की है कि हमारी हिन्दुस्तानियत, मिली-जुली संस्कृति और एक-दूसरे के प्रति लगाव और भाईचारा प्रेम बढ़े। अखिलेश यादव ने फतेहपुर सीकरी में शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाकर देश की तरक्की, अमन-चैन, भाई-चारे के लिए दुआ मांगी। उन्होंने बुलन्द दरवाजा समेत ऐतिहासिक इमारतों को देखा। इस अवसर पर मौजूद पर्यटकों और आमजन ने अखिलेश यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मैनपुरी से सांसद श्रीमती डिम्पल यादव और राज्य सभा सांसद श्रीमती जया बच्चन मौजूद रही।
What's Your Reaction?
