एनटीपीसी सिंगरौली में हर्षोल्लास एवं गौरव के साथ मनाया गया एनटीपीसी का 52वाँ स्थापना दिवस

Nov 7, 2026 - 22:34
 0  18
एनटीपीसी सिंगरौली में हर्षोल्लास एवं गौरव के साथ मनाया गया एनटीपीसी का 52वाँ स्थापना दिवस

(150 फुट ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज का भव्य उद्घाटन रहा प्रमुख आकर्षण; प्रभात फेरी, पौधारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सम्मान समारोह के साथ मनाया गया स्थापना दिवस)

हिन्द भास्कर,

सोनभद्र।

एनटीपीसी लिमिटेड का 52वाँ स्थापना दिवस एनटीपीसी सिंगरौली में हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विविध कार्यक्रमों में राष्ट्रप्रेम, संगठनात्मक एकजुटता, पर्यावरण संरक्षण एवं उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की भावना प्रमुखता से दिखाई दी। समारोह के मुख्य अतिथि  ई. प्रभाकर राव, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी सिंगरौली रहे। इस अवसर पर  ई. निर्मला राव, अध्यक्षा, वनिता समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही।

स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण 150 फुट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज का भव्य उद्घाटन एवं ध्वजारोहण रहा। समारोह का शुभारंभ केंद्रीय विद्यालय परिसर में अतिथियों के आगमन तथा ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह–2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मानव आकृति निर्माण के साथ हुआ। विद्यार्थियों की इस रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामूहिक सहभागिता एवं सतत जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश दिया गया

इसके पश्चात केंद्रीय विद्यालय से चिल्का झील तक उत्साहपूर्ण प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों,यूनियन एवं एसोशिएशन एवं अन्य प्रतिभागियों ने सहभागिता की। चिल्का झील परिसर में मुख्य अतिथि  ई. प्रभाकर राव द्वारा 150 फुट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज का उद्घाटन एवं ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान की गूँज के बीच मुक्त आकाश में लहराता विशाल तिरंगा उपस्थित जनसमूह के लिए गौरव, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का अविस्मरणीय क्षण बना। यह राष्ट्रीय ध्वज शक्तिनगर क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण पहचान बनने के साथ आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्यबोध एवं समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि  ई. प्रभाकर राव एवं श्रीमती ई. निर्मला राव सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। पौधारोपण के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देना एनटीपीसी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

समारोह के अगले चरण में प्रशासनिक भवन पार्क में मुख्य अतिथि द्वारा एनटीपीसी ध्वज फहराया गया तथा एनटीपीसी गीत की प्रस्तुति के माध्यम से संगठन की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं सामूहिक संकल्प को अभिव्यक्ति दी गई। इस अवसर पर एनटीपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के स्थापना दिवस संबोधन का लाइब्रेरी सभागार, एमजीआर सभागार एवं एमटीपी सभागार में सीधा प्रसारण किया गया, जिससे कर्मचारियों को संगठन की उपलब्धियों, भावी प्राथमिकताओं एवं विकास की दिशा से अवगत होने का अवसर प्राप्त हुआ।

इसके उपरांत सेवा भवन पार्क में स्थापना दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा एनटीपीसी ध्वजारोहण एवं एनटीपीसी गीत की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर  विवेक आर्य, कमांडेंट, सीआईएसएफ ने भी समारोह में सहभागिता की। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटा गया तथा रंग-बिरंगे गुब्बारों को मुक्त आकाश में छोड़कर संगठन की निरंतर प्रगति, नई ऊँचाइयों एवं उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि  ई. प्रभाकर राव ने अपने संबोधन में एनटीपीसी के 52वें स्थापना दिवस पर समस्त कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सहयोगियों एवं हितधारकों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की पाँच दशकों से अधिक की विकास यात्रा केवल विद्युत उत्पादन और स्थापित क्षमता के विस्तार की कहानी नहीं, बल्कि राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति निरंतर समर्पण की प्रेरक गाथा है।

इस गौरवशाली यात्रा में एनटीपीसी सिंगरौली ने देश की प्रथम सुपर ताप विद्युत परियोजना के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) की पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली की प्रगति आसपास के समुदायों के विकास एवं कल्याण से गहराई से जुड़ी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बालिका सशक्तीकरण, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन तथा दिव्यांगजन सहयोग के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सामाजिक समावेशन और विश्वास को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा उत्पादन के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता ही सतत एवं उत्तरदायी विकास का वास्तविक आधार है।

150 फुट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज के उद्घाटन को स्थापना दिवस की विशेष उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि यह तिरंगा केवल हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपने योगदान को और अधिक सशक्त बनाने की निरंतर प्रेरणा भी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से एनटीपीसी के मूल्यों एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समर्पण, सत्यनिष्ठा और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रस्तुतियों के माध्यम से संगठनात्मक एकता, सांस्कृतिक विविधता एवं उत्सव की भावना को अभिव्यक्ति मिली। इसके साथ ही पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित कर उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर  अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण);  रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना);  अंजन कुमार पाल, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन);  सुनील कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी); सौमित्र घोष, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ऐश डाइक प्रबंधन);  अवनीश कुमार सिंह, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ) सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, कर्मचारी, सहयोगी तथा उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

समारोह का समापन सेवा भवन पार्क में आयोजित सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, सहयोगियों एवं संविदा कर्मियों ने सहभागिता की। इस अवसर ने एनटीपीसी सिंगरौली परिवार के बीच आत्मीयता, पारस्परिक सहयोग एवं संगठनात्मक एकजुटता को और अधिक सुदृढ़ किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow