प्रोफेसर अजय कुमार शुक्ल महामना आइडल अवार्ड से सम्मानित

Feb 4, 2025 - 22:47
 0  80
प्रोफेसर अजय कुमार शुक्ल महामना आइडल अवार्ड से सम्मानित

गोरखपुर। चौरी-चौरा प्रतिकार दिवस के अवसर पर 4 फरवरी 2025 को शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित महामना सम्मान समारोह में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. अजय कुमार शुक्ल को महामना आइडल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।

प्रो. अजय शुक्ल पिछले 27 वर्षों से गोरखपुर विश्वविद्यालय में अध्यापन कार्य कर रहे हैं और वे अकादमिक क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट शोध कार्यों के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने शिक्षण विधाओं में नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, और समाज सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रो. शुक्ल ने विभिन्न सामाजिक सरोकारों, जागरूकता अभियानों, और सामुदायिक विकास के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई है। उनके प्रयासों से न केवल अकादमिक क्षेत्र में बल्कि सामाजिक स्तर पर भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें पहले भी कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

समारोह के मुख्य अतिथि चौरी-चौरा के विधायक इंजीनियर सरवन निषाद रहे। समारोह की अध्यक्षता नगर के चेयरमैन सन्नी जायसवाल ने की।

इस अवसर पर प्रो. शुक्ल ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनके लिए बल्कि विश्वविद्यालय और विद्यार्थियों के लिए भी गर्व की बात है। उन्होंने अपने शिक्षण और सामाजिक कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम का आयोजन पंडित महामना फाउंडेशन ट्रस्ट और पंडित परशुराम मणि त्रिपाठी लोक कल्याण न्यास के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। सचिन गौरी वर्मा और डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्यक्रम हर वर्ष चौरी-चौरा के शहीदों की स्मृति में आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर गोरखपुर के कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद, समाजसेवी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रो. अजय शुक्ल के सम्मान को विश्वविद्यालय और समाज के लिए गर्व की बात बताया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow