सेवा संकल्प सप्ताह में रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
पंडित त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी किसान इंटर कॉलेज, आभूराम तुर्कवलिया में सेवा संकल्प सप्ताह के तहत रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विकसित भारत टीम ने प्रथम, ऑपरेशन सिंदूर टीम ने द्वितीय और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को सराहा, कहा- विद्यालयों में गढ़ा जाता है देश का भविष्य
गोरखपुर। पंडित त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी किसान इंटर कॉलेज, आभूराम तुर्कवलिया के सभागार में सोमवार को सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा गोरखपुर के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी रहे। विशिष्ट अतिथियों में विद्यालय के प्रबंधक इंजी. ए.एन. त्रिपाठी, डॉ. वकील धर दुबे, डॉ. सदानंद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा राघवेंद्र चौबे, मंडल अध्यक्ष, विवेकानंद शुक्ला, जिला कार्यकारिणी सदस्य, शहंशाह आलम, अल्पसंख्यक मोर्चा, अरुण सिंह, मीडिया भाजपा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। प्राचार्य पंडित ठाकुर प्रसाद त्रिपाठी किसान महाविद्यालय, डॉ. के.एम. पाठक, प्राचार्य बीटीसी कॉलेज तथा इंजी. प्रशांत द्विवेदी, डायरेक्टर भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विकसित भारत टीम ने प्रथम, ऑपरेशन सिंदूर टीम ने द्वितीय तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि जनार्दन तिवारी ने कहा कि देश का भविष्य विद्यालयों में गढ़ा जाता है। विद्यार्थियों में प्रतिभा के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना भी मौजूद है। उन्होंने प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की और विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार द्विवेदी ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में विद्यालयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विकसित भारत का संकल्प विद्यार्थियों के सपनों और परिश्रम से साकार होगा।
प्रबंधक ई.ए.एन. त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि “बच्चों की प्रतिभा को मंच देना ही ऐसे आयोजनों का उद्देश्य है। रंगोली और चित्रकला केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, कल्पनाशक्ति और संस्कारों को अभिव्यक्त करने का माध्यम हैं। सेवा संकल्प सप्ताह के माध्यम से हम बच्चों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं। आज की प्रस्तुतियों ने यह साबित किया है कि हमारे विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इन्हीं प्रतिभाशाली और संस्कारवान बच्चों के संकल्प से विकसित भारत का सपना साकार होगा।”
कार्यक्रम के प्रारंभ में मां सरस्वती के चित्र तथा विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक स्व. पंडित त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी, स्व. पंडित ठाकुर प्रसाद त्रिपाठी एवं स्व. शकुंतला त्रिपाठी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शोभित श्रीवास्तव एवं सतीश चंद ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
