मंत्री ए.के. शर्मा ने किया 'स्वच्छ टॉयलेट अभियान' का आगाज, बोले- शौचालय सम्मान और स्वास्थ्य से जुड़ा विषय
मंत्री ए.के. शर्मा ने विश्व शौचालय दिवस पर पांच सप्ताह के स्वच्छ टॉयलेट अभियान का शुभारंभ किया, अभियान 19 नवंबर से 25 दिसंबर तक सभी नगरीय निकायों में चलेगा।
लखनऊ (हिन्द भास्कर ब्यूरो):- गुरुवार को प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विश्व शौचालय दिवस के मौके पर स्वच्छता का बड़ा संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए पांच सप्ताह तक चलने वाले विशेष 'स्वच्छ टॉयलेट अभियान' का शुभारंभ किया।
यह अभियान 19 नवंबर से लेकर 25 दिसंबर तक पूरे उत्तर प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में चलाया जाएगा। इस दौरान मंत्री शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के सपने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार लगातार लोगों को साफ-सुथरा और सुविधाओं से भरा माहौल देने में जुटी है।
उन्होंने कहा कि शौचालय सिर्फ एक सुविधा नहीं है, बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और उनके मान-सम्मान से जुड़ा हुआ है।
प्रदेश में बने लाखों शौचालय
मंत्री शर्मा ने बताया कि अब तक प्रदेश में करीब 9 लाख व्यक्तिगत घरेलू शौचालय बनाए जा चुके हैं, जबकि 70 हजार से ज्यादा सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की सीटें तैयार की गई हैं।
महिलाओं की सुविधा के लिए लगभग 900 पिंक शौचालय, 550 आकांक्षी शौचालय और आयोजनों के लिए 500 से ज्यादा मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। सरकार का मकसद सिर्फ शौचालय बनाना नहीं, बल्कि उनका सही उपयोग और रखरखाव भी है।
अभियान में क्या-क्या होगा?
इस अभियान के तहत शौचालयों की साफ-सफाई, मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुंदरीकरण पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए 'ट्रांसफॉर्मिंग येलो स्पॉट', 'पेंट माई टॉयलेट 2.0', 'आई एम हेयर' और 'स्वच्छ धरोहर' जैसे कार्यक्रम चलेंगे। स्कूल-कॉलेज के छात्र और स्वच्छ सारथी क्लब के सदस्य भी इसमें शामिल होंगे।
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर बने शौचालयों को भी विशेष रूप से चमकाया जाएगा। मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई और देखरेख में कोई लापरवाही न हो। इस अभियान का समापन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस पर होगा, जहां अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
अंत में मंत्री ने लोगों से अपील की कि स्वच्छता सिर्फ सरकार का काम नहीं, यह हम सबकी जिम्मेदारी है। लोग सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग करें और उसे साफ रखने में मदद करें, तभी स्वच्छ और सुंदर यूपी का सपना पूरा होगा।
What's Your Reaction?
