जगजीवन राम अकादमी में RPF के 54वें बैच की भव्य पासिंग आउट परेड का हुआ आयोजन

जगजीवन राम अकादमी में RPF के 54वें बैच की भव्य पासिंग आउट परेड का हुआ आयोजन

Jun 2, 2026 - 19:10
 0  149
जगजीवन राम अकादमी में RPF के 54वें बैच की भव्य पासिंग आउट परेड का हुआ आयोजन

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी लखनऊ में भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा के 54वें बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया।

परेड में अधिकारियों ने अनुशासन और दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह में उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के महानिरीक्षक/रेलवे सुरक्षा बल प्रदीप कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि रहे, जबकि एमसीएफ, रायबरेली के महानिरीक्षक रमेश चंद्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

वहीं बी. वेंकटेश्वर राव, महानिरीक्षक-सह-निदेशक और चन्द्रमोहन मिश्रा उपमहानिरीक्षक /प्रशिक्षण जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी, लखनऊ सहित रेलवे सुरक्षा बल/रेलवे सुरक्षा विशेष बल के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न रेलवे विभागों के अधिकारी, सेवानिवृत्त, अधिकारी, अकादमी स्टाफ, परिवीक्षाधीन अधिकारियों के पारिवारिक सदस्य तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी समारोह में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अकादमी स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, जहां कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले रेलवे सुरक्षा बल के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने 78 सप्ताह के गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। इस प्रशिक्षण में इनडोर एवं आउटडोर मॉड्यूल सम्मिलित थे, जिनका उद्देश्य रेलवे सुरक्षा प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यावसायिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, परिचालन कौशल तथा शारीरिक सुदृढ़ता का विकास करना था।

प्रशिक्षण के दौरान आपराधिक कानून, रेलवे सुरक्षा, साइबर अपराध, खुफिया जानकारी संकलन, आपदा प्रबंधन, अन्वेषण प्रक्रियाएं तथा रेलवे सुरक्षा बल, सरकारी रेलवे पुलिस एवं सिविल पुलिस इकाइयों के साथ व्यावहारिक फील्ड अटैचमेंट से संबंधित विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान तमन्ना दुआ को सर्वश्रेष्ठ इनडोर प्रशिक्षु तथा सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण परिवीक्षाधीन अधिकारी घोषित किया गया, जबकि हर्ष दुबे को सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रशिक्षु घोषित किया गया। हर्ष दुबे ने परेड कमांडर के रूप में पासिंग आउट परेड का नेतृत्व किया जिसमें उन्हें गणपत राम यादव द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow