उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' थीम पर मनाया गया योग दिवस
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' थीम पर मनाया गया योग दिवस
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन चारबाग स्थित रेलवे स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय समारोह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के सजीव प्रसारण और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई।
मंच पर उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा निरुपमा वर्मा और उनकी सदस्याएं मौजूद रहीं। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान समेत मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और रेलवे के खिलाड़ी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। कर्मचारियों के परिवारजनों ने भी योगाभ्यास में हिस्सा लेकर अपनी भागीदारी दिखाई।
DRM सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि योग को हम सभी को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। योग न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच भी विकसित करता है। योग प्रशिक्षक कृष्ण बिहारी बाजपेयी ने प्रतिभागियों को भद्रासन, वज्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन और पवनमुक्तासन समेत कई आसन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।
उन्होंने बताया कि नियमित योग से तनाव कम होता है, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है और संतुलित जीवन जीने में मदद मिलती है। कार्यक्रम के साथ ही उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय लखनऊ ने स्वास्थ्य शिविर भी लगाया। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की जांच की गई और डॉक्टरों ने जरूरी परामर्श दिए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन और स्वस्थ जीवन का संकल्प लेने के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों से योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया गया।
What's Your Reaction?
