राष्ट्रीय प्रेस दिवस का दर्शन

Nov 17, 2026 - 22:00
 0  10
राष्ट्रीय प्रेस दिवस का दर्शन

राष्ट्रीय प्रेस दिवस का दर्शन

राजा देवराय (पूर्व पत्रकार, दार्शनिक ओर अन्तर्राष्ट्रीय लेखक)

राष्ट्रीय प्रेस दिवस को लेकर दो बड़ी गलतफहमियां हैं, जिन्हें पहले ठीक करना जरूरी है। पहली गलतफहमी- आज के दिन प्रेस काउंसिल बनी थी। फैक्ट यह है कि प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया का गठन 4 जुलाई 1966 को हुआ था। इसके पहले चेयरमैन जस्टिस जे. आर. मधोलकर ने 16 नवंबर 1966 को पदभार संभाल कर काम शुरू किया, इसलिए इस दिन को प्रेस दिवस के रूप में मनाया जाता है। दूसरी गलतफहमी - यह वही काउंसिल आज भी है। फैक्ट यह है कि 1965 के कानून से बनी पहली काउंसिल 1975 में आपातकाल के दौरान खत्म कर दी गई थी। वर्तमान में जो काउंसिल काम कर रही है, वह 1978 के प्रेस काउंसिल एक्ट के तहत बनी है।

प्रेस काउंसिल करती क्या है? यह अदालत नहीं है। यह किसी को जेल नहीं भेज सकती, जुर्माना नहीं लगा सकती। इसकी सबसे बड़ी शक्ति है Warning, Admonish और Censure- यानी चेतावनी और निंदा। एक अखबार के लिए यही सबसे बड़ी सजा है, क्योंकि यह उसकी विश्वसनीयता पर चोट करती है। इसके दो काम हैं। अगर सरकार प्रेस की स्वतंत्रता में दखल दे, तो प्रेस की रक्षा करना। और अगर प्रेस झूठी या अनैतिक खबर छापे, तो पाठक की रक्षा करना।

थॉमस कार्लाइल ने प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा था। इसका सिद्धांत है Watchdog Theory- प्रेस एक पहरेदार कुत्ते की तरह सत्ता के दुरुपयोग पर सवाल उठाएंगी। दर्शन में दो रास्ते हैं। अमेरिकी दर्शन कहता है- प्रेस पूरी तरह स्वतंत्र है, कोई नियंत्रण नहीं। भारतीय दर्शन कहता है- स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी। हमारे संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, लेकिन 19(2) में युक्तियुक्त प्रतिबंध भी है। प्रेस दिवस इसी संतुलन का दिवस है। गांधीजी ने कहा था- अखबार का काम डराना नहीं, निर्भय बनाना है। अम्बेडकर ने कहा था- प्रेस स्वतंत्र नहीं है तो लोकतंत्र केवल कागज पर है।

1966 में लड़ाई सरकारी सेंसरशिप के खिलाफ थी। 2026 में लड़ाई विश्वास के संकट के खिलाफ है। पहले सवाल था- प्रेस को स्वतंत्रता कौन देगा? अब सवाल है- प्रेस स्वतंत्रता का उपयोग कैसे कर रहा है? पेड न्यूज, फेक न्यूज, टीआरपी के शोर में पाठक का विश्वास घट रहा है। 1966 में प्रेस का मतलब था अखबार। आज प्रेस का मतलब है अखबार, टीवी, यूट्यूब, पोर्टल, फेसबुक पेज सब कुछ। लेकिन प्रेस काउंसिल के दायरे में केवल प्रिंट और उसका डिजिटल संस्करण आता है, टीवी NBSA के अधीन आता है। तो यूट्यूब या फेसबुक की खबर को कौन देखेगा? यही आज की सबसे बड़ी चुनौती है।

इसलिए राष्ट्रीय प्रेस दिवस पत्रकारों का उत्सव नहीं है, यह पाठक के अधिकार का दिवस है। पाठक को अधिकार है सही, निर्भय और सच्ची खबर पाने का। तेज खबर को लोग भूल जाते हैं, सच्ची खबर को इतिहास याद रखता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार