शरद पूर्णिमा की धवल चांदनी और शास्त्रीय संगीत का अद्भुत संगम

Oct 18, 2024 - 11:23
 0  57
शरद पूर्णिमा की धवल चांदनी और शास्त्रीय संगीत का अद्भुत संगम

अमरेश मिश्र 

सोनभद्र ब्यूरो 

सनातन संस्कृति की अनमोल धरोहर की 27वीं प्रस्तुति

शास्त्रीय संगीत के गायन,वादन और नृत्य में सराबोर हुए श्रोता 

मध्य रात्रि पूनम के चांद की अमृत वर्षा युक्त खीर भोग लगा 

शक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर एनटीपीसी शक्तिनगर में शक्ति संगीत कला परिषद् के सौजन्य से शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें गायन, वादन एवं कथक नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति की गई। 

सत्येंद्र सिंह सोलंकी ने संतूर वादन ने राग रागेश्री जिसमें आलाप, जोड़, झाला तत्पश्चात रूपक ताल में निबद्ध अनेक बंदिशें प्रस्तुत कीं साथ ही राग मिश्र पहाड़ी की प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को झंकृत किया।

कथक नृत्य की प्रस्तुति युवा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कृत रुद्र शंकर मिश्रा द्वारा हुई जिसमें उन्होंने बनारस घराने की प्राचीन बंदिशों पर प्रस्तुति की जिसकी शुरुवात भगवान शिव के आराधना से हुई तत्पश्चात तीनताल में टुकड़े तिहाई परण थाली नृत्य आकाश भ्रामरी गत आदि पर प्रस्तुति की। अंत में उन्होंने बनारस के दादरा की प्रस्तुति की। पंडित माता प्रसाद मिश्र (बोल पढ़ंत), उदय शंकर मिश्रा (तबला), संतोष मिश्रा (गायन), नीरज मिश्रा (सितार) पर संगत की। 

कार्यक्रम के अंत में पुणे से आईं गायिका रुचिरा केदार ने ठुमरी, भजन, खयाल इत्यादि विभिन्न रागों की प्रस्तुति दी।

गायिका रुचिरा केदार ने राग बिहाग - देखो सखी कन्हैया रोके, छिप जा री चांदनी रात, तराना, राग मिश्र किरवानी दादरा, तुम साची कहो रैन जागे कहां रहे छाए तथा माँझ खमाज - म्हारो प्रणाम बांके बिहारी जी तथा भजन - शिव के मन शरण हो की सुंदर प्रस्तुति द्वारा उपस्थित लोगों को अपनी मनमोहक तथा सुरीली आवाज़ से आनंदित किया।

संस्था के अध्यक्ष डॉ 0 अशोक कुमार दुबे ने मुख्य अतिथि ए एस भोगल, महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण एनटीपीसी सिंगरौली, कार्यक्रम के अध्यक्ष आनंद कुमार सिंह, परियोजना प्रमुख एमईआईएल, अनपरा, विशिष्ट अतिथि सुब्रत घोष, सासन, सिंगरौली, मध्य प्रदेश, सिद्धार्थ मंडल, अपर महाप्रबंधक (मा 0 संसा0) एनटीपीसी सिंगरौली एवं अन्य उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत तथा अभिनंदन किया।

संस्था की प्रगति आख्या तथा आभार अभिव्यक्ति सचिव चंद्रशेखर जोशी ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी सिंगरौली से आर आर मोहंती,डी सी गुप्ता, रजत गर्ग, ओम प्रकाश, जे पी कुशवाहा , अनुग्रह मिश्रा, दिलेश्वर महापात्र इत्यादि, मेघा पावर से एन एन तिवारी संतोष सिंह परिहार, अनीता दुबे , विदुषी परिहार , आरती तिवारी इत्यादि सहित एनटीपीसी , एन सी एल व आसपास से भारी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अजीत तिवारी, ओ पी सिंह, अमरेश पांडेय, अमरेश मिश्रा, विजय दुबे, सुभाष पटेल, सत्यनारायण बंसल, सत्यनारायण पांडेय, वी के त्रिपाठी , प्रमोद अग्रवाल, बद्री प्रसाद,राम प्रकाश मिश्र , साहिल मिश्र, अंबुज शुक्ला,राजू ठाकुर,अनिल पांडे आदि की सराहनीय भूमिका रही । कार्यक्रम संचालन डॉ0 योगेंद्र तिवारी ने किया। शक्ति संगीत कला परिषद्, शक्तेश्वर महादेव मंदिर संचालन समिति, शक्तिनगर एवं मानव संसाधन अनुभाग, एनटीपीसी सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का यह आयोजन सफलता पूर्वक किया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow