आजमगढ़ ने रचा कीर्तिमान: वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में 65 लाख पौधे लगाकर पूरा किया लक्ष्य
आजमगढ़ ने रचा कीर्तिमान: वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में 65 लाख पौधे लगाकर पूरा किया लक्ष्य
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- आजमगढ़। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 एवं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत आजमगढ़ जनपद ने जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 65 लाख पौधरोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की उपस्थिति और मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लिया।
जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम गंभीर वन स्थित एसकेपी मैदान सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित हुआ। मंत्री शर्मा ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण पर बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया और उन्हें पौधे भेंट कर प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। अपने संबोधन में मंत्री शर्मा ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दे रहा है और आजमगढ़ ने 65 लाख पौधरोपण कर इस संकल्प को मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे धरती का आभूषण हैं और जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण व ग्लोबल वार्मिंग से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम व्यापक वृक्षारोपण है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
अभियान के तहत जनपद में मिशन छाया, वंदे मातरम् वाटिका, महर्षि चरक औषधि वन, समृद्धि वन, समरस वन, कपि वन, पौराणिक वन, अविरल धारा वृक्षारोपण, एक्सप्रेस-वे वृक्षारोपण, सहजन भंडारा, 'आम बहार आपके द्वार', ग्रीन चौपाल, भाई-बहन वाटिका और 'एक पेड़ गुरु के नाम' जैसी थीम आधारित हरित पहलें आकर्षण का केंद्र रहीं। जनपद ने 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस को 9 लाख और 12 जुलाई को 56 लाख पौधे लगाकर कुल 65 लाख का लक्ष्य पूरा किया।
इस उपलब्धि में सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, विद्यालयों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में शासन के नोडल अधिकारी जी एस नवीन कुमार, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
