बदली दो महानगरों की तस्वीर, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जनता को समर्पित, अब 35 मिनट में तय होगा 63 KM का सफर

बदली दो महानगरों की तस्वीर, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जनता को समर्पित, अब 35 मिनट में तय होगा 63 KM का सफर

Jul 13, 2026 - 21:33
 0  20
बदली दो महानगरों की तस्वीर, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जनता को समर्पित, अब 35 मिनट में तय होगा 63 KM का सफर

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में 13 जुलाई सोमवार को एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। राजधानी लखनऊ और औद्योगिक नगरी कानपुर को जोड़ने वाला 63 किलोमीटर लंबा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे यानी नेशनल एक्सप्रेसवे-6 उद्घाटन के बाद जनता को समर्पित कर दिया गया। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिली है।

पहले जहां यह सफर ढाई से तीन घंटे में पूरा होता था, वहीं अब इसे महज 35 से 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। लगभग 1648 दिनों की मेहनत से बना यह एक्सप्रेसवे करीब 4,500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसकी आधारशिला मार्च 2019 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रखी थी। दिसंबर 2020 में केंद्र सरकार ने इसे नेशनल एक्सप्रेसवे-6 का दर्जा दिया। एनएचएआई ने परियोजना को दो पैकेजों में पूरा कराया।

पहला 18 किलोमीटर का एलिवेटेड सेक्शन लखनऊ के अमौसी और शहीद पथ क्षेत्र से जुड़ा है, जबकि दूसरा 45 किलोमीटर का ग्रीनफील्ड सेक्शन लखनऊ के 11 और उन्नाव के 31 गांवों से होकर गुजरता है। एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी विशेषता इसकी आधुनिक तकनीक है। यहां पारंपरिक टोल प्लाजा नहीं हैं। वाहन बिना रुके 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे और एडवांस फास्ट टैग व एएनपीआर तकनीक से टोल अपने आप कट जाएगा।

सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग पर 80 से अधिक हाई डेफिनिशन कैमरे, 16 वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम और स्पीड राडार लगाए गए हैं। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेसवे के दोनों ओर 46 हजार से अधिक पौधे भी लगाए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह 6-लेन एक्सप्रेसवे भविष्य में 8-लेन तक विस्तार योग्य है और प्रस्तावित स्टेट कैपिटल रीजन, औद्योगिक विकास, निवेश व क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति देगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow