हिंदू गौरव दिवस पर गरजे सीएम योगी: सपा पर साधा निशाना, बोले- गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं, कभी P से पिछड़ा, कभी पंडित
हिंदू गौरव दिवस पर गरजे सीएम योगी: सपा पर साधा निशाना, बोले- गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं, कभी P से पिछड़ा, कभी पंडित
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- शुक्रवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ के चित्र पर पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि दी।
सपा पर तीखा हमला, PDA को लेकर कसा तंज
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले पार्टी के लोग PDA को कैसे परिभाषित करते हैं, कभी इनका P पिछड़ा था, फिर पंडित हो गया। देखना एक दिन ये लोग P से पाकिस्तान कर देंगे।
इनके बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। ये ऐसे गिद्ध हैं कि जिस पेड़ पर चढ़ेंगे, उसको ही सुखा डालेंगे। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सबसे कष्टकारी बात यह थी कि सामान्य शिष्टाचार व संस्कार के तहत मायावती ने आकर बाबूजी को श्रद्धांजलि दी, लेकिन सपा मुखिया ने प्रत्यक्ष आकर श्रद्धांजलि देना तो दूर, शब्दों से भी कुछ व्यक्त नहीं किया।
यह हर उस हिंदू का अपमान था, जिसे लगता है कि बाबूजी का जीवन सनातन मूल्यों और हिंदू गौरव के लिए समर्पित था।
राम मंदिर आंदोलन में बाबूजी के योगदान को किया याद
श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूजी दबाव में आकर काम करने वाले व्यक्ति नहीं थे। वह कहा करते थे, कल्याण सिंह टूट सकता है लेकिन झुक नहीं सकता। उन्होंने सत्ता गंवाई, लेकिन दो-टूक कहा कि रामभक्तों पर गोली नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने मूल्यों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
सपा ने महापुरुषों का अपमान करने की आदत बना ली है। कन्नौज में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया, मैनपुरी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने कॉलेज से उनका नाम मिटा दिया। भाजपा सरकार ने उन्हें फिर सम्मान दिया।
प्रधानमंत्री मोदी के आने का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूजी के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सारे कार्यक्रम छोड़कर दिल्ली से सीधे लखनऊ आए और श्रद्धांजलि अर्पित की। SGPGI से लेकर घर तक, घर से अलीगढ़ और नरौरा तक अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
लेकिन सपा मुखिया ने दो शब्द तक नहीं बोले। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, सांसद साक्षी महाराज, मंत्री संदीप सिंह, राजवीर सिंह 'राजू भैया' सहित कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
