कांवड़ यात्रा को लेकर मंत्री ए.के. शर्मा सख्त: सुरक्षा-सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
कांवड़ यात्रा को लेकर मंत्री ए.के. शर्मा सख्त: सुरक्षा-सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत प्रदेशभर में की जा रही तैयारियों की नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
मैदान में उतरकर करें निरीक्षण
समीक्षा के दौरान मंत्री शर्मा ने कांवड़ मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, रेस्ट कैंप, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
मंत्री शर्मा ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कहा कि जिन अधिशासी अधिकारियों के पास अतिरिक्त प्रभार हैं और जो संबंधित क्षेत्रों में उपस्थित नहीं रहते, उनसे तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त चार्ज वापस लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में सक्रिय रहना प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है।
जलभराव और खुले मेनहोल पर कड़ी चेतावनी
वर्षाकाल को देखते हुए मंत्री शर्मा ने जलभराव, वॉटर लॉगिंग, नालों की सफाई एवं उनकी सतत मॉनिटरिंग के संबंध में भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए और सभी नगर निकाय पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें।
बैठक में मंत्री शर्मा ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि यदि कहीं भी खुला मेनहोल पाया गया अथवा उसके कारण कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद, सचिव/निदेशक अनुज कुमार झा, रविंद्र कुमार, सुहास एल वाई सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।
What's Your Reaction?
