रक्षाबंधन श्रद्धा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले- 15 करोड़ राखियों से बढ़ रही अर्थव्यवस्था
रक्षाबंधन श्रद्धा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले- 15 करोड़ राखियों से बढ़ रही अर्थव्यवस्था
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- शुक्रवार को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर 'बिटिया और बहना-यूपी का गहना' स्नेहबंधन कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां विभिन्न जनपदों से आई बेटियों से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार भेंट कर स्नेहाशीष दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। आज बेटियों ने जो राखियां बांधीं, उनमें से बहुत उन्होंने अपने हाथों से बनाई हैं। प्रदेश में करीब 15 करोड़ राखियां बंध रही हैं और हर राखी के पीछे किसी कारीगर, हस्तशिल्पी और दुकानदार की आर्थिक गतिविधि जुड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धा और सम्मान से विश्वास पैदा होता है, और आत्मनिर्भर समाज ही विकास को गति देता है। इसी सोच के साथ प्रदेश में मिशन शक्ति का संचालन बेटी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने अपने कार्यकाल के शुरुआती दिनों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक दौरे में उन्होंने गरीब परिवार की बच्चियों को बिना जूते और यूनिफॉर्म के स्कूल जाते देखा, जिसके बाद बेटियों को दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते-मोजे और स्वेटर देने का निर्णय लिया गया। आज प्रदेश में 1.60 करोड़ बच्चों को यह सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को 12वीं तक विस्तार दिया जा रहा है और सभी 825 विकासखंडों में निर्माण प्रक्रिया शुरू हुई है। लखनऊ में कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल में 2018 में बेटियों को प्रवेश देने की शुरुआत हुई, आज देश के सभी सैनिक स्कूलों में बेटियों के लिए रास्ता खुल चुका है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पहले केवल 12 प्रतिशत महिलाएं नौकरी से जुड़ी थीं, अब यह आंकड़ा 36 प्रतिशत से अधिक हो गया है। कामकाजी महिलाओं के लिए बड़े शहरों में निःशुल्क छात्रावास बनाए जा रहे हैं।
रक्षाबंधन पर 27, 28 और 29 अगस्त को यूपी परिवहन निगम और नगरीय बसों में महिलाओं को एक सहयात्री के साथ मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए यूपी रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा लागू की जाएगी।
What's Your Reaction?
