आर एस एस पूर्वी उ प्र क्षेत्र के पूर्व सह क्षेत्र संघसंचालक रामकुमार का निधन संघ प्रमुख ने शोक व्यक्त किया

Feb 19, 2025 - 10:39
 0  109
आर एस एस पूर्वी उ प्र क्षेत्र के पूर्व सह क्षेत्र संघसंचालक  रामकुमार का निधन  संघ प्रमुख ने शोक व्यक्त किया
पूर्वी उ.प्र. के पूर्व मा. सह क्षेत्र संघचालक श्री रामकुमार जी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के पूर्व सह क्षेत्र संघसंचालक श्री रामकुमार जी का आज 19-2-25 को प्रातः उनके आवास पर निधन हो गया।

           आपका जन्म 19 जुलाई 1943 को सीतापुर में हुआ था। आपकी शिक्षा एमएससी गणित से हुई थी। कमलापुर इंटर कॉलेज सीतापुर में आप गणित के प्रवक्ता के रूप में कार्यरत रहे।

          रामकुमार जी ने 1970 में संघ शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष, 1972 में संघ शिक्षा द्वितीय वर्ष किया था। उसके बाद सतत संघ कार्य में लग रहे।

आपातकाल के समय 4 दिसंबर 1975 को आपको जेल में बंद कर दिया गया लेकिन वहां पर उनकी योग्यता को देखते हुए डिप्टी जेलर अपने बच्चों को गणित पढ़ने हेतु 1 घंटे के लिए रामकुमार जी को अपने बंगले भेजते थे।

             रामकुमार जी ने संघ में तहसील कार्यवाह, सीतापुर के जिला कार्यवाह एवं विभाग कार्यवाह के दायित्व का निर्वहन किया। 1996 में अवध प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह, सन 2000 में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र कार्यवाह और सन् 2021 में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के मा. सह क्षेत्र संघचालक का दायित्व आपके पास आया।

           राम मंदिर आंदोलन को लेकर 7 अक्टूबर 1984 को अयोध्या में हुई पहली संकल्प सभा में रामकुमार जी ने भाग लिया। उसके बाद 14 अक्टूबर 1984 को लखनऊ के बेगम हजरत महल पार्क में जब राम-जानकी रथ आया, तो वहां पर विशाल जनसभा हुई जिसमें उनकी सक्रिय भागीदारी थी। रामकुमार जी राम मंदिर के सभी आंदोलन में भाग लेते रहे।

         संघ कार्य में आजीवन संलग्न, स्वयं के प्रति कठोर किन्तु दूसरों के लिए के प्रति उदार, परिश्रमी, अनुशासित, कुशल वक्ता और श्रेष्ठ संगठक रामकुमार जी के देहावसान पर संघ परिवार उनको अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

।। ॐ शान्ति: ।।

सरसंघचालक एवं सरकार्यवाह ने शोक व्यक्त किया 

पूर्वी उ.प्र. के पूर्व मा. सह क्षेत्र संघचालक श्री रामकुमार जी के निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन जी भागवत एवं मा. सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय जी होसबाले ने गहन शोक व्यक्त किया है। 

        अपने शोक संदेश में सरसंघचालक जी एवं सरकार्यवाह जी ने कहा कि,

 " पूर्वी उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मा. सह क्षेत्र संघचालक के निधन का समाचार पाकर अतीव दुःख हुआ। एक श्रेष्ठ एवं समर्पित स्वयंसेवक की जीवन यात्रा का अन्त हो गया। श्री रामकुमार जी सभी कार्यकर्ताओं के लिए अभिभावक ही थे। उनका प्रेरणादायी व्यक्तित्व, कार्य के प्रति असीम लगन, परिश्रम की पराकाष्ठा सदैव स्मृति में रहेंगी ! वे पूर्वी उत्तर प्रदेश के संघ कार्य के एक महत्वपूर्ण कड़ी रहे। उनके परिवार जनों को मेरी गहरी संवेदनाएँ।

       ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि शोक संतप्त परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति तथा दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। "

॥ ॐ शान्तिः ॥

मोहन भागवत

सरसंघचालक, 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

दत्तात्रेय होसबाले

सरकार्यवाह, 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow