गोरक्षपीठाधीश्वर CM योगी ने मां पाटेश्वरी धाम में किया दर्शन-पूजन, गोसेवा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने गोशाला में गोसेवा की, बच्चों से मुलाकात कर चॉकलेट बांटी और मंदिर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
लखनऊ/बलरामपुर(हिन्द भास्कर) :- शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। सीएम योगी ने मां पाटेश्वरी की आरती उतारी और प्रदेशवासियों के सुखी, स्वस्थ व समृद्ध जीवन के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचकर गुड़ और हरा चारा खिलाकर गोमाता की सेवा की।
वहीं दर्शन-पूजन के दौरान जब कुछ बच्चे मुख्यमंत्री को देखकर उनके पास पहुंचे, तो सीएम योगी ने बड़े स्नेह से उनसे बातचीत की और सभी को चॉकलेट दी। मंदिर में आए श्रद्धालुओं ने जब उनका अभिवादन किया तो उन्होंने भी हाथ जोड़कर सबका अभिवादन स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। आपको बता दें शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी गोंडा में युवाओं को लैपटॉप वितरित करने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और वहीं रात्रि विश्राम किया।
शनिवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संतों से भी मुलाकात की। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी के लिए रवाना हो गए। इस दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास और हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत राजू दास समेत कई संत-महंत मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
