पूर्व बसपा MLC मोहम्मद इकबाल को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 995 करोड़ की संपत्ति जब्ती का आदेश रद्द

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने पूर्व BSP MLC मोहम्मद इकबाल को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने और 995.75 करोड़ की संपत्ति जब्त करने का आदेश रद्द कर दिया। डायनेमिक शुगर मिल समेत तीन कंपनियों की संपत्ति मुक्त होगी।

Nov 28, 2026 - 12:25
 0  23
पूर्व बसपा MLC मोहम्मद इकबाल को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 995 करोड़ की संपत्ति जब्ती का आदेश रद्द

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित चीनी मिल घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व बसपा एमएलसी मोहम्मद इकबाल को बड़ी राहत मिली है।

जस्टिस सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने मोहम्मद इकबाल को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने और उनकी करीब 995.75 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने डायनेमिक शुगर मिल सहित तीन कंपनियों से जुड़ी संपत्तियों को मुक्त करने का निर्देश दिया है।

आपको बता दे कि हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि यूएई में नोटिस की तामील का कोई पुख्ता प्रमाण पेश नहीं किया गया और कानूनी प्रक्रिया का सही तरीके से पालन नहीं हुआ। इसी आधार पर ट्रायल कोर्ट का आदेश निरस्त किया गया।

जाने क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला 2010-11 के दौरान उत्तर प्रदेश की 21 सरकारी चीनी मिलों की बिक्री से जुड़ा है। आरोप था कि मिलों को औने-पौने दामों पर बेचा गया, जिससे सरकार को भारी नुकसान हुआ। इसी मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था।

मोहम्मद इकबाल पर आरोप है कि वह इसी दौरान फरार हो गए और यूएई में रहने लगे। जिसके बाद उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की कार्यवाही शुरू हुई थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि इस मामले में CBI ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की है। इस पर हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को निर्देश दिया है कि वह क्लोजर रिपोर्ट पर जल्द से जल्द नियमानुसार फैसला ले।

आगे अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि यदि CBI की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार होती है तो इसका सीधा असर मनी लॉन्ड्रिंग के केस पर भी पड़ सकता है। अब ये देखना है कि अदालत का आने वाला फैसला क्या है जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow