सहयोग और सेवा से बनेगा सशक्त भारत : दत्तात्रेय होसबाले
कानपुर में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में बोले RSS सरकार्यवाह — सिर्फ अधिकार नहीं, कर्तव्य को दें प्राथमिकता
कानपुर। दुनिया को मानवता, सहअस्तित्व और प्रकृति संरक्षण का रास्ता दिखाने के लिए भारत को अपने प्राचीन जीवन मूल्यों को व्यवहार में उतारना होगा। केवल अधिकारों की बात करने के बजाय कर्तव्यों को प्राथमिकता देनी होगी और सामर्थ्यवान होने के साथ कमजोरों को भी साथ लेकर चलना होगा। सेवा को जब तक जीवन का स्वभाव नहीं बनाया जाएगा, तब तक धर्म और आध्यात्मिकता का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं होगा। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को बृजेंद्र स्वरूप पार्क में पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के दूसरे दिन कहीं।
उन्होंने बताया कि देश के 13 राज्यों के 36 स्थानों पर इस तरह के आयोजन हो चुके हैं। मेले का केंद्र सेवा, आधार आध्यात्मिकता और कवच हिंदुत्व है। उन्होंने कहा कि भारत में सेवा की परंपरा हजारों वर्षों पुरानी है। 'परोपकाराय पुण्याय, पापाय परपीड़नम्' का उल्लेख करते हुए कहा कि दूसरों का उपकार करना ही पुण्य है। सत्य, करुणा, शुचिता और तपस्या धर्म के मूल तत्व हैं और सेवा के माध्यम से इनका पालन होता है।
सेवा भावना के उदाहरण में उन्होंने गुजरात में अकाल के दौरान राहत सामग्री जुटाने का प्रसंग सुनाया। एक गरीब बुजुर्ग महिला अपनी छोटी थैली में गुड़ से बनी चार सुपड़ी लेकर पहुंची और कहा कि वह लेने नहीं, देने आई है। इसी तरह दिल्ली के कुछ युवाओं ने होटलों में बचने वाले अच्छे भोजन को बर्बाद होने से बचाकर एम्स, रेलवे स्टेशन और चांदनी चौक के आसपास जरूरतमंदों तक पहुंचाना शुरू किया। उन्होंने कहा कि सेवा के लिए धन-संपत्ति से अधिक संवेदनशीलता और समर्पण जरूरी है। विभिन्न संप्रदायों और संस्थाओं में सेवा की भावना मौजूद है। समाज को ऐसे प्रयासों से जोड़ना ही मेले का उद्देश्य है।
होसबाले ने कहा कि पश्चिमी चिंतन में व्यक्तिगत अधिकारों और अस्तित्व के संघर्ष पर जोर दिया गया है, जबकि भारतीय विचारधारा कर्तव्य, सहयोग और समन्वय की सीख देती है। सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट की सोच के विपरीत भारत का संदेश है कि मजबूत व्यक्ति कमजोर और असहाय लोगों को भी संरक्षण दे। दूसरों को समाप्त करके स्वयं आगे बढ़ने की प्रवृत्ति स्थायी नहीं हो सकती। भारत को दुनिया के सामने इसी सहअस्तित्व की जीवन पद्धति का उदाहरण रखना होगा।
पर्यावरण संकट पर चिंता जताते हुए उन्होंने जल, जंगल, जमीन और वन्यजीवों के संरक्षण की जरूरत बताई। कहा कि प्रदूषण, जल संकट, घटती हरियाली और ग्लोबल वार्मिंग आने वाली पीढ़ियों के लिए चुनौती हैं। धरती और नदियों को मां मानने वाली भारतीय परंपरा प्रकृति के शोषण के बजाय उसके संतुलित दोहन की शिक्षा देती है। रासायनिक खाद और कीटनाशकों के इस्तेमाल तथा कैंसर, मधुमेह, रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियों में वृद्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने और ड्रग्स, नारकोटिक्स तथा हथियारों के अंतरराष्ट्रीय कारोबार पर रोक लगाने में समाज की भूमिका महत्वपूर्ण बताई। परिवार में संस्कार, माता-पिता का सम्मान और बुजुर्गों की सेवा की सीख देने की आवश्यकता भी बताई। धार्मिक ग्रंथों का पाठ और पूजा तभी सार्थक हैं, जब उनकी शिक्षाएं आचरण में दिखाई दें।
देशभक्ति के विषय पर उन्होंने 1857 से 1947 तक स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले गुमनाम सेनानियों को खोजने और उनके परिवारों की कहानियां सामने लाने का आह्वान किया। कहा कि अनेक स्वतंत्रता सेनानियों को न स्मारक मिले और न पाठ्यपुस्तकों में स्थान। समाज को ऐसे लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण में जुटे व्यक्तियों व संस्थाओं को भी सहयोग देने की बात कही। अंत में उन्होंने कहा कि हिंदू, आध्यात्मिकता और सेवा एक ही लक्ष्य के तीन आयाम हैं। मेले के माध्यम से सेवा कार्यों में लगे लोगों को जोड़कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है, ताकि इसका संदेश परिवार, विद्यालय, कार्यालय और गांवों तक पहुंचे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि गुणवंत सिंह कोठारी मौजूद रहे और अध्यक्षता राजकुमार लोहिया ने की।
What's Your Reaction?
