मंत्री के साथ राज्य कर विभाग भी लोगों को कर रहा जागरूक
मंत्री के साथ राज्य कर विभाग भी लोगों को कर रहा जागरूक

उन्नाव(हिन्द भास्कर):- भारत सरकार द्वारा बीते 22 सितंबर 2025 से जीएसटी टैक्स रेट में कटौती की घोषणा के बाद जीएसटी की नई दरों के रेशनलाइजेशन एवं कर की नई दरों से आम जनता तथा उपभोक्ताओं को जागरूक करने, उनका फीडबैक लेने तथा जीएसटी कर सुधार के नए रिजीम से होने वाले बदलाव के सम्बन्ध में कैबनेट मंत्री, पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन, उ०प्र० धर्मपाल सिंह का उन्नाव जनपद का एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य ये बताना है कि किन उत्पादों पर जीएसटी कितना घटा है और इसका लाभ क्या मिलेगा। मंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा निरीक्षण भवन में जीएसटी रिफॉर्म सम्बन्धी प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता का आयोजन जिलाध्यक्ष भाजपा अनुराग अवस्थी व अनिल कुशवाहा जिला उपाध्यक्ष द्वारा किया गया।
राज्य कर विभाग, उन्नाव द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में जिलाधिकारी उन्नाव गौरांग राठी के कुशल नेतृत्व में जनपद के प्रमुख व्यापारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री सिंह द्वार नेक्स्ट-जनरेशन रिफॉर्म (GST 2.0) की विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री सिंह ने उत्पादन, विनिमय, वितरण, उपभोग तथा राजस्व के आपस में अंतर्संबंध को बहुत ही आसान तरीके से समझाया।
आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वदेशी अपनाने के लिए मंत्री सिंह ने करदाताओं/व्यापारियों को सलाह दिया कि वे स्वदेशी उत्पाद बेचते समय उपभोक्ता से गर्व से कहें कि यह स्वदेशी है। मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि सरकार व्यापार नहीं कल्याणकारी कार्य करती है। बैठक में उन्नाव जनपद के जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़ाकर भाग लिया।
बैठक में श्रीकान्त कटियार विधायक बांगरमऊ, पंकज गुप्ता विधायक उन्नाव सदर, बृजेश कुमार विधायक मोहान, बम्बा लाल विधायक सफ़ीपुर, सदस्य विधान परिषद एवं भाजपा के जिलाध्यक्ष भी शामिल रहे। बैठक में उन्नाव जनपद के प्रमुख व्यापार संगठन के पदाधिकरियों को मंत्री द्वारा अंग वस्त्र एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित भी किया गया।
सम्मानित होने वाले व्यापारियों में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला अध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष संजय शुक्ला, हरिओम सिंह, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय संगठन मंत्री राम तनेजा, अखिलेश अवस्थी, धर्मवीर सिंह सोनू, जैसे प्रतिष्ठित व्यापारी एवं पदाधिकारी शामिल रहे। कार्यक्रम में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गौड़, सिटी मजिस्ट्रेट, राज्य कर विभाग के उपायुक्त पंकज कुमार, उपायुक्त दिनेश कुमार सिंह, उपायुक्त कुलदीप पटेल, सहायक आयुक्त शैलेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त प्रशांत कुमार द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?






