विनोद कुमार शुक्ल बने पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबन्धक
विनोद कुमार शुक्ल बने पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबन्धक

गोरखपुर(हिन्द भास्कर):- पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबन्धक का कार्यभार बृहस्पतिवार को विनोद कुमार शुक्ल ने ग्रहण किया। इसके पूर्व विनोद कुमार शुक्ल बनारस रेल इंजन कारखाना (बी.एल.डब्ल्यू.), वाराणसी में प्रमुख मुख्य इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।
विनोद कुमार शुक्ल ने मोतीलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज (एम.एन.आई.टी.), इलाहाबाद से वर्ष 1989 में सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.टी.), नई दिल्ली से वर्ष 1991 में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। शुक्ल ने भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा (आई.आर.एस.ई.) के 1990 बैच के माध्यम से रेल सेवा में पदार्पण किया।
इनकी पहली नियुक्ति वर्ष 1991 में पूर्वोत्तर रेलवे में सहायक इंजीनियर के पद पर हुई। उस के बाद मंडल इंजीनियर, उप मुख्य इंजीनियर एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर के महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। शुक्ल मुख्य परियोजना प्रबन्धक, डेडीकेटेड फ्रेट कोरीडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डी.एफ.सी.सी.आई.एल.), मुगलसराय, मुख्य इंजीनियर, निर्माण, पूर्व मध्य रेलवे,पटना तथा मुख्य परियोजना प्रबन्धक, रेल विकास निगम लिमिटेड (आर.वी.एन.एल.),वाराणसी के पद पर कार्य किया।
शुक्ल ने विभिन्न प्रमुख निर्माण परियोजनाओं; जैसे-नई लाइन एवं दोहरीकरण का सफलतापूर्वक कार्य निष्पादन कराया, जिनमें सोन नदी पर महत्वपूर्ण पुल एवं घाघरा नदी पर महत्वपूर्ण पुल के निर्माण कार्य के साथ ही भटनी-औंड़िहार (125 किमी.) के बीच दोहरीकरण की परियोजना सम्मिलित है। इन्होंने हजारीबाग-राँची (50 किमी.) एवं टोरी-बालूमाथ (22 किमी.) नई लाइनों तथा डेडीकेटेड फ्रेट कोरीडोर के लिये मुगलसराय-सोन नगर (120 किमी.) नई लाइन के निर्माण कार्य में योगदान दिया।
इनकी देखरेख में नई लाइनों के निर्माण कार्य में भूमि अधिग्रहण से लेकर यातायात संचालन के लिये लाइन खोली गई। इसके अतिरिक्त गढ़वा से सिंगरौली (225 किमी.) के मध्य दोहरीकरण के कार्य में भी इन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनको रेल प्रबन्धन में निर्माण एवं रख-रखाव से सम्बन्धित कार्यों का गहन अनुभव प्राप्त है तथा रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
What's Your Reaction?






