भारतीय संस्कृति एवं अस्मिता की संवाहक है हिंदी : प्रो. पूनम टंडन
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग एवं बैंक ऑफ़ बड़ौदा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में एमए हिंदी के दो सत्रों के चार मेधावी विद्यार्थियों को कुल ₹37 हजार की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि हिंदी भारतीय संस्कृति और अस्मिता की संवाहक है तथा डिजिटल युग में इसकी उपयोगिता निरंतर बढ़ रही है।
बैंक ऑफ़ बड़ौदा के स्थापना दिवस पर प्रतिभा सम्मान समारोह, एमए हिंदी के चार मेधावियों को ₹37 हजार के पुरस्कार व सम्मान
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग तथा बैंक ऑफ़ बड़ौदा, गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में बैंक ऑफ़ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं गोष्ठी में एमए हिंदी के मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल ₹37 हजार की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि हिंदी केवल मातृभाषा या राजभाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और अस्मिता की संवाहक है। उन्होंने कहा कि वैश्विक और डिजिटल युग में हिंदी की प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है तथा विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को हिंदी को रोजगार की भाषा के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। बैंक ऑफ़ बड़ौदा की यह पहल विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य परिचालन प्रबंधक (पूर्वोत्तर रेलवे) रणविजय सिंह (आईआरटीएस) ने कहा कि रेलवे सहित सार्वजनिक उपक्रमों ने हिंदी को देश की संपर्क भाषा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने करियर में हिंदी की शक्ति का प्रभावी उपयोग करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि बैंक ऑफ़ बड़ौदा के सहायक महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार चौधरी ने कहा कि ग्राहकों से प्रभावी संवाद के लिए हिंदी सबसे सशक्त माध्यम है। बैंक राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और मेधावी विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए भविष्य में भी विश्वविद्यालय के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
समारोह में सत्र 2024-25 के एमए हिंदी की टॉपर प्रतीक्षा शुक्ला को ₹11 हजार तथा बालक वर्ग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले अनंत कुमार मिश्र को ₹7,500 का चेक प्रदान किया गया। वहीं सत्र 2025-26 की टॉपर स्वीटी यादव को ₹11 हजार तथा बालक वर्ग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले पप्पू यादव को ₹7,500 का चेक देकर सम्मानित किया गया।
बैंक ऑफ़ बड़ौदा की राजभाषा अधिकारी अंकिता श्रीवास्तव ने बैंक की हिंदी प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी। स्वागत भाषण हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. विमलेश कुमार मिश्र ने दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभिषेक शुक्ल ने किया तथा आभार ज्ञापन डॉ. सुनील कुमार ने व्यक्त किया। समारोह में विभाग के शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
