डॉ. शकुन्तला मिश्रा विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे राज्यसभा सदस्य सी. सदानंदन मास्टर

डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह 31 जुलाई को अटल प्रेक्षागृह में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य सी. सदानंदन मास्टर होंगे। दोनों पैर गंवाने के बावजूद शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके प्रेरक योगदान को देखते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है। समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां तथा मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।

Jul 5, 2026 - 21:45
 0  15
डॉ. शकुन्तला मिश्रा विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे राज्यसभा सदस्य सी. सदानंदन मास्टर

लखनऊ, 3 जुलाई। डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह 31 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर स्थित अटल प्रेक्षागृह में अपराह्न 3 बजे आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य सी. सदानंदन मास्टर होंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य संजय सिंह ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि के लिए तीन नाम राजभवन भेजे गए थे, जिनमें से राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाध्यक्ष आनंदीबेन पटेल ने सी. सदानंदन मास्टर के नाम को स्वीकृति प्रदान की है।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि केरल के कन्नूर निवासी सी. सदानंदन मास्टर का जीवन संघर्ष, साहस और शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक के रूप में की और बाद में सामाजिक विज्ञान का अध्यापन किया।

वर्ष 1994 में उन पर हुए जानलेवा हमले में उनके दोनों पैर काट दिए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने कृत्रिम पैरों की सहायता से पुनः विद्यालय लौटकर विद्यार्थियों को पढ़ाना शुरू किया। विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा के प्रति उनका समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणा बना। शिक्षा एवं सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2025 में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव रोहित सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह का विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा। समारोह में विभिन्न संकायों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि सी. सदानंदन मास्टर का व्यक्तित्व संघर्ष, साहस और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनका जीवन विद्यार्थियों को हर चुनौती का सामना करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनका दीक्षांत संबोधन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार