गोरखपुर में उर्वरकों की कोई कमी नहीं, किसान जरूरत के अनुसार ही करें खरीद - जिला कृषि अधिकारी

जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी ने बताया कि जनपद में यूरिया, डीएपी, एनपीके सहित सभी उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। किसानों को अपनी जोत और फसल के अनुसार ही पीओएस मशीन के माध्यम से उर्वरक दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अनावश्यक भंडारण न करने और संतुलित मात्रा में ही उर्वरक प्रयोग करने की अपील की।

Nov 18, 2026 - 20:07
 0  14

उर्वरक खरीदते समय आधार कार्ड और खतौनी लाना अनिवार्य, संतुलित मात्रा में प्रयोग की अपील

गोरखपुर 18 नवम्बर 2026। जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी ने जनपद के समस्त कृषकों को सूचित किया है कि उर्वरक बिक्री केंद्रों से उर्वरक खरीदते समय अपना आधार कार्ड एवं जोतबही / खतौनी अवश्य लेकर जाएं। साथ ही अपने खेत में बोई जाने वाली फसल के अनुसार कृषि विभाग द्वारा निर्धारित संस्तुत मात्रा में ही उर्वरकों की खरीद एवं प्रयोग करें।

उन्होंने बताया कि जनपद में प्रमुख फसलों के लिए उर्वरकों की संस्तुत मात्रा निर्धारित की गई है। गेहूं के लिए एनपीके का मानक 120:60:40, राई / सरसों के लिए 80:40:40, आलू के लिए 200:65:70, गन्ना के लिए 200:80:40 तथा तोरिया के लिए 60:30:30 अनुपात में है।

उन्होंने बताया कि किसान डीएपी अथवा एनपीके का प्रयोग करते समय निर्धारित संतुलित मात्रा का विशेष ध्यान रखें। गेहूं में डीएपी के साथ यूरिया 97 किग्रा, डीएपी 53 किग्रा एवं एमओपी 27 किग्रा। एनपीके के साथ यूरिया 97 किग्रा, एनपीके 75 किग्रा एवं एमओपी 20 किग्रा है।

राई / सरसों में डीएपी के साथ यूरिया 65 किग्रा, डीएपी 35 किग्रा एवं एमओपी 27 किग्रा। एनपीके के साथ यूरिया 66 किग्रा, एनपीके 50 किग्रा एवं एमओपी 20 किग्रा है।

आलू में डीएपी के साथ यूरिया 168 किग्रा, डीएपी 57 किग्रा एवं एमओपी 47 किग्रा। एनपीके के साथ यूरिया 181 किग्रा, एनपीके 82 किग्रा एवं एमओपी 40 किग्रा है।

गन्ना में डीएपी के साथ यूरिया 165 किग्रा, डीएपी 70 किग्रा एवं एमओपी 27 किग्रा है। एनपीके के साथ यूरिया 175 किग्रा, एनपीके 100 किग्रा एवं एमओपी 20 किग्रा है।

तोरिया में डीएपी के साथ यूरिया 49 किग्रा, डीएपी 26 किग्रा एवं एमओपी 20 किग्रा। एनपीके के साथ यूरिया 50 किग्रा, एनपीके 38 किग्रा एवं एमओपी 14 किग्रा है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में सहकारिता के पीसीएफ बफर गोदाम में यूरिया, डीएपी एवं एनपीके कॉम्प्लेक्स उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। किसानों की मांग के अनुरूप नाइट्रोजन एवं फास्फेटिक उर्वरकों का आवंटन एवं आपूर्ति समितियों के माध्यम से लगातार कराई जा रही है। किसान भाइयों को उनकी जोत एवं बोई जाने वाली फसल के अनुसार उर्वरकों का वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से उनकी नजदीकी समितियों एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से कराया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार के उर्वरकों की कमी नहीं है। पीसीएफ बफर गोदाम में पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का भंडारण है तथा निजी एवं सहकारिता क्षेत्र के उर्वरकों की रैक लगातार प्राप्त हो रही है। अतः किसान भाई धैर्य बनाए रखें और अपनी जोत एवं फसलों की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय करें।

उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की नियमित निगरानी की जा रही है। उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जनपद के सभी उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्रित कर जांच एवं विश्लेषण के लिए लगातार प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

दिनांक 12 नवम्बर 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद में उर्वरकों का उपलब्ध स्टॉक निम्नवत है। यूरिया - 30,685 मीट्रिक टन, डीएपी - 6,112 मीट्रिक टन, एनपीके - 9,787 मीट्रिक टन, एमओपी - 1,578 मीट्रिक टन, एसएसपी - 10,314 मीट्रिक टन है।

जिला कृषि अधिकारी ने कृषकों से अपील की कि उर्वरकों की अनावश्यक खरीद एवं भंडारण न करें तथा फसल की आवश्यकता के अनुसार ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करें। यदि किसी किसान भाई को उर्वरक की बिक्री में अनियमितता अथवा खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या होती है तो वह तत्काल कृषि विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 9369711209 अथवा 9456995093 पर सूचित करें, ताकि समस्या का त्वरित समाधान कराया जा सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार