यूपीटीईटी-2026 की तिथि घोषित, 26 और 27 फरवरी 2027 को होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपीटीईटी-2026 की तिथि घोषित कर दी है। परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को होगी। विज्ञापन 24 नवंबर 2026 को जारी होगा और उसी दिन से ओटीआर और ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा।

Nov 18, 2026 - 21:55
 0  11

24 नवंबर से शुरू होगा आवेदन, पहले ओटीआर करना होगा अनिवार्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा लिए गए निर्णय के क्रम में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा - यूपीटीईटी-2026 का आयोजन आगामी 26 एवं 27 फरवरी 2027 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्तर - कक्षा 1 से 5 एवं उच्च प्राथमिक स्तर - कक्षा 6 से 8 की शिक्षक पात्रता परीक्षा हेतु विज्ञापन संख्या 10/2026 आगामी 24 नवम्बर 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु लागू की गई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि यूपीटीईटी-2026 में प्रतिभाग करने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों की सुगमता के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन - ओटीआर व्यवस्था लागू की गई है। अतः सभी अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात ही शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश-पुस्तिका आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित लिंक के माध्यम से देख व पढ़ सकते हैं। निर्धारित अर्हता पूर्ण करने वाले इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट पर अपलोड विस्तृत विज्ञापन का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने के उपरांत 24 नवम्बर 2026 से प्रारंभ होने वाली आवेदन प्रक्रिया में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि विज्ञापन संख्या 10/2026 से संबंधित प्रमुख तिथियों का विवरण साझा करते हुए बताया कि विज्ञापन के प्रकाशन तथा ऑनलाइन पंजीकरण - ओटीआर एवं आवेदन प्रारंभ होने की तिथि 24 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 23 दिसम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। इसके उपरांत यदि किसी अभ्यर्थी के आवेदन में कोई त्रुटि रह जाती है, तो उसके निराकरण हेतु 27 दिसम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन में संशोधन करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार