जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पहुंचे सिसवा विधानसभा,सुशील टिबड़ेवाल को दिया आशीर्वाद
जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पहुंचे सिसवा विधानसभा,सुशील टिबड़ेवाल को दिया आशीर्वाद
महराजगंज(हिन्द भास्कर):- जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज की 81 दिवसीय 'गविष्टि - गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा' मंगलवार को सिसवा विधानसभा क्षेत्र पहुंची। इस दौरान शंकराचार्य ठूठीबारी, गड़ौरा, निचलौल, कटहरी, सबया, हेवती और चिउटहां में श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उनके साथ सिसवा विधानसभा से 2022 में सपा प्रत्याशी रहे पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल भी मौजूद रहे।
सभी स्थानों पर शंखनाद, ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ जगतगुरु का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर शंकराचार्य ने पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल को अपने हाथों से माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। टिबड़ेवाल ने इसे अपने जीवन का अनमोल क्षण बताया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, महातम यादव, सतीश यादव, घनश्याम मौर्य, एडवोकेट एटी पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जगतगुरु शंकराचार्य ने अपनी 'गविष्टि यात्रा' का शुभारंभ 3 मई को गोरखपुर से किया था। 81 दिनों तक चली इस यात्रा का उद्देश्य गोमाता के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के प्रति जनजागरण करना तथा समाज को गौ-सेवा के लिए प्रेरित करना रहा। यात्रा के दौरान हजारों लोगों ने गोष्ठियों, आशीर्वचन और पादुकापूजन कार्यक्रमों में भाग लेकर गौ संरक्षण का संकल्प लिया।
यात्रा का समापन 24 जुलाई को लखनऊ स्थित कांशीराम स्मृति उपवन में आयोजित विशाल धर्मसभा के साथ होगा, जिसमें देशभर से संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
