योगी सरकार में बदली सरकारी स्कूलों की तस्वीर, ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार से मिलीं नई सुविधाएं
योगी सरकार में बदली सरकारी स्कूलों की तस्वीर, ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार से मिलीं नई सुविधाएं
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सरकारी विद्यालयी शिक्षा में व्यापक बदलाव दिखाई दे रहा है। सरकार ने केवल विद्यालयों की संख्या बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग में ऑपरेशन कायाकल्प और माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से स्कूलों का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है।
पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं, स्मार्ट कक्षाएं, अतिरिक्त कक्ष और डिजिटल संसाधनों से सरकारी विद्यालयों में नया शैक्षणिक वातावरण तैयार हुआ है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प किया जा चुका है। वर्ष 2017-18 में जहां विद्यालयों का संतृप्तिकरण 36 प्रतिशत था, वहीं अब यह बढ़कर 96.30 प्रतिशत से अधिक हो गया है।
1.30 लाख से अधिक विद्यालयों में पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं और हजारों स्कूलों में स्मार्ट क्लास संचालित हैं। बच्चों के लिए 3.42 लाख डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने का काम तेजी से चल रहा है। 4.50 लाख से अधिक शिक्षकों को एफएलएन आधारित प्रशिक्षण भी दिया गया है, जिससे प्रारंभिक कक्षाओं में भाषा और गणित की बुनियाद मजबूत हुई है।
भविष्य की जरूरतों के लिए सरकार ने 75 जिलों में 150 मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय और 75 मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय स्थापित करने की पहल की है। प्रदेश में संचालित 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से कक्षा 6 से 12 तक उच्चीकृत किया जा रहा है। जिन विकास खंडों में केजीबीवी नहीं हैं, वहां नए आवासीय बालिका विद्यालय भी बनाए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत बड़ा विस्तार हुआ है।
प्रदेश के 29,216 माध्यमिक विद्यालयों में 41 नए राजकीय इंटर कॉलेज और 215 राजकीय हाईस्कूल का निर्माण पूरा हुआ है। 60 नए राजकीय इंटर कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं। 2,383 राजकीय और 590 सहायता प्राप्त विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। विद्यार्थियों के लिए 778 आईसीटी लैब और 1,236 स्मार्ट क्लास स्थापित की गई हैं। प्रदेश के 1,722 पीएम श्री विद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप नवाचार आधारित शिक्षण, कौशल विकास और समग्र शिक्षा पर बल दिया जा रहा है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा का वातावरण देना है। ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार ने विद्यालयों की पहचान बदल दी है और लक्ष्य है प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र बनाना।
What's Your Reaction?
