एक घंटे से कम समय में तय होगा दिल्ली-मेरठ का सफर
एक घंटे से कम समय में तय होगा दिल्ली-मेरठ का सफर
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 22 फरवरी को उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगातें देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12,930 करोड़ से निर्मित दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक (पांच किमी.), मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएम मोदी मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यह उपहार देंगे।
इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, सोमेंद्र तोमर समेत यूपी-दिल्ली के अनेक जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। नमो भारत रैपिड रेल से दिल्ली-मेरठ का सफर एक घंटे से भी कम समय में तय होगा। दिल्ली में सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच कुल 15 स्टेशन होंगे और संपूर्ण कॉरिडोर में परिचालन प्रारंभ हो जाएगा।
यही नहीं, 180 किमी प्रति घंटे की डिजाइन गति, प्रत्येक 10 मिनट पर ट्रेन उपलब्ध होगी। साहिबाबाद, मोदीनगर, बेगमपुल और मोदीपुरम की दिल्ली एवं गाजियाबाद से कनेक्टिविटी होने के साथ ही एक लाख निजी वाहनों की आवाजाही घटेगी। इससे कार्बन उत्सर्जन एवं वायु प्रदूषण में कमी आएगी। मेट्रो के शुभारंभ के पश्चात आधे घंटे से भी कम समय में मेरठ शहर में 21 कि.मी. की यात्रा पूरी हो सकेगी।
मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 12 मेट्रो स्टेशन-मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, डौरली, मेरठ नॉर्थ और मोदीपुरम हैं। प्रति घंटे 135 किमी. की गति होगी। प्रत्येक 10 मिनट में मेट्रो ट्रेन उपलब्ध रहेगी।
What's Your Reaction?
