मुख्यमंत्री ने ऊर्जा मंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूती से बढ़ा रहा कदम

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा मंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूती से बढ़ा रहा कदम

Feb 21, 2026 - 01:14
 0  52
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा मंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूती से बढ़ा रहा कदम

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा बजट सत्र के अंतिम दिन सदन को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री 1988 बैच के अनुभवी आईएएस अधिकारी रहे हैं और अपने प्रशासनिक अनुभव का लाभ प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ लोग उन्हें अनावश्यक रूप से घेरने का प्रयास करते हैं, लेकिन उनके कार्य स्वयं उनकी प्रतिबद्धता और दक्षता का प्रमाण हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक समय था जब प्रदेश में बिजली की इतनी कमी थी कि लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे। आगे उन्होंने कहा कि उनकी पीड़ा यह नहीं है कि बिजली नहीं आ रही, बल्कि उनकी पीड़ा यह है कि अब बिजली क्यों आ रही है। क्योंकि अंधेरे में जो कारनामे होते थे, वे अब बंद हो गए हैं। प्रकाश व्यवस्था से पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हुई हैं। आज उत्तर प्रदेश 24 घंटे जिला मुख्यालयों पर 22 घंटे तहसील मुख्यालयों पर और 18 घंटे ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है।

वहीं मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में बताया कि इस योजना ने आम नागरिक को ऊर्जा उत्पादक बनने का अवसर दिया है। उत्तर प्रदेश ने इस योजना के अंतर्गत 1.29 गीगावॉट सौर क्षमता अर्जित कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि अब हर व्यक्ति ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकता है और सोलर ऊर्जा के माध्यम से न केवल बिजली प्राप्त कर सकता है, बल्कि अतिरिक्त आय का स्रोत भी बना सकता है।

मुख्यमंत्री ने सदन को अवगत कराया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय प्रदेश में कुल ऊर्जा उत्पादन क्षमता मात्र 7159 मेगावाट थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश अपने स्वयं के स्रोतों से 18136 मेगावाट पावर जनरेशन क्षमता की ओर अग्रसर है। यह वृद्धि केवल आंकड़ों का विस्तार नहीं, बल्कि प्रदेश की औद्योगिक, कृषि एवं घरेलू जरूरतों की पूर्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक परिवर्तन है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज उत्तर प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा रहा है, जिसका श्रेय ऊर्जा मंत्री के नेतृत्व में किए गए सुनियोजित प्रयासों को जाता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow