जनता की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, पूर्वांचल को मिली नई रेल सेवाओं की सौगात
जनता की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, पूर्वांचल को मिली नई रेल सेवाओं की सौगात
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ रेलवे स्टेशन से दोहरीघाट-वाराणसी मेमू समेत नई ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ किया। अब मऊ होकर चलने वाली मऊ-आनंद विहार और छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस से पूर्वांचल के लाखों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम आवागमन मिलेगा।
मंत्री शर्मा ने कहा कि भारतीय रेल आज देश की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ इंजन बनकर उभरी है। रेल का प्रत्येक इंजन विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भारतीय रेल का पहिया नई गति और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है।
मंत्री शर्मा ने इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मऊ–आनंद बिहार ट्रेन को साप्ताहिक के स्थान पर दैनिक किए जाने की मांग भी रखी, ताकि यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने रेल मंत्री से कहा कि उनकी पहल पर मऊ जनपद में रेलवे के अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं।
इसी क्रम में गोठा स्थित 25-सी एवं 27-सी अंडरपास के निर्माण का कार्य चल रहा है,इन कार्यों को तेजी से पूर्ण कराए जाने का आग्रह किया। मंत्री शर्मा ने कहा कि रेल सुविधाओं का यह विस्तार केवल नई ट्रेनों का संचालन ही नहीं बल्कि पूर्वांचल के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच और अधिक आसान होगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। छपरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे। नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा मऊ रेलवे स्टेशन से ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।
इस अवसर पर मंत्री शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्वांचल की जनता की आवश्यकताओं और मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें पूरा किया है। इसके लिए पूर्वांचल की जनता की ओर से वे उनका हृदय से धन्यवाद करते हैं।
What's Your Reaction?
