जन्मदिन पर जनसेवा: इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शकील खान ने लगाया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, बुरहानपुर के जिलाध्यक्ष शकील खान ने अपने जन्मदिन पर ग्राम भावसा में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर परामर्श और मुफ्त दवाइयां वितरित कीं।
बुरहानपुर (मध्य प्रदेश)। इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, बुरहानपुर के जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी शकील खान ने अपने जन्मदिन को जनसेवा के लिए समर्पित करते हुए ग्राम भावसा स्थित ग्राम पंचायत परिसर में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन कराया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का संचालन प्रिशियस लाइफ केयर अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने किया। इस दौरान मरीजों की रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र रोग तथा अन्य सामान्य बीमारियों की निशुल्क जांच की गई। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, जहां समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पातीं।
इस अवसर पर शकील खान ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी माध्यम होना चाहिए। उन्होंने भविष्य में भी जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के आयोजक गफ्फार मसूरी ने कहा कि शकील खान ने अपने जन्मदिन को सेवा और मानवता के नाम समर्पित कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
शिविर में इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुमेश तायडे, जिला महासचिव राहुल इंगले, जिला प्रवक्ता मनोज मिश्रा, जिला संगठन सचिव रमजान सिकंदर, जिला मीडिया प्रभारी आजाद तड़वी, जिला सचिव अनसीग मोरे, जिला कोषाध्यक्ष सुलेमान शादाब, जिला कार्यालय सचिव संजेश परी वाले सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पत्रकार, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
