एसबीआई स्थापना दिवस पर गोरखपुर के किकबॉक्सर सनी सिंह को 'युवा प्रतिभा' सम्मान

एसबीआई स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र एवं अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सर सनी सिंह को 'युवा प्रतिभा नेशनल टैलेंट' सम्मान से सम्मानित किया गया। पद्मश्री डॉ. राम चेत चौधरी ने यह सम्मान प्रदान किया। सनी की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और 5,000 से अधिक बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने के सामाजिक योगदान की भी सराहना की गई।

Jul 2, 2026 - 22:23
 0  15
एसबीआई स्थापना दिवस पर गोरखपुर के किकबॉक्सर सनी सिंह को 'युवा प्रतिभा' सम्मान

गोरखपुर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित "कृषि क्षेत्र में नवाचार और बैंकिंग" कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र एवं अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सर सनी सिंह को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए 'युवा प्रतिभा नेशनल टैलेंट' (Youth Icon & National Talent) सम्मान से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान देश के प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. राम चेत चौधरी तथा एसबीआई के जोनल महाप्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं बैंकिंग क्षेत्र में नवाचारों के साथ-साथ युवा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र स्थित गौरीमंगलपुर निवासी सनी सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने उज्बेकिस्तान में आयोजित किकबॉक्सिंग वर्ल्ड कप-2024 में पांचवीं रैंक तथा अबू धाबी सीनियर वर्ल्ड किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2025 में विश्व स्तर पर नौवीं रैंक हासिल की। हाल ही में आयोजित 5वीं वाको इंडिया इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग कप-2026 में इटली के खिलाड़ी को हराकर उन्होंने देश के लिए रजत पदक जीता।

राष्ट्रीय स्तर पर भी सनी लगातार तीन वर्षों से पदक विजेता रहे हैं। अगस्त 2026 में गुजरात में आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में वह उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खेल उपलब्धियों के साथ-साथ सनी सिंह सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े हैं। 'मिशन अपराजिता' के माध्यम से वह अब तक 5,000 से अधिक बालिकाओं को निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान कर चुके हैं।

सनी सिंह को मिले इस सम्मान पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बधाई देते हुए कहा कि सनी विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के गौरव हैं। उन्होंने कहा कि सनी ने अनुशासन और समर्पण के बल पर खेल और शिक्षा में उत्कृष्ट संतुलन स्थापित किया है तथा उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं।

विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस एवं ऐशप्रा ग्रुप के चेयरमैन अतुल सराफ ने भी सनी सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि सनी भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे और ऐशप्रा ग्रुप उनकी इस यात्रा में हरसंभव सहयोग करता रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow