अलीगंज अग्निकांड के घायलों का हाल जानने ट्रामा सेंटर पहुंचे मंत्री ए.के. शर्मा, फिर घटनास्थल पर जाकर लिया जायजा

Jun 22, 2026 - 23:09
 0  8
अलीगंज अग्निकांड के घायलों का हाल जानने ट्रामा सेंटर पहुंचे मंत्री ए.के. शर्मा, फिर घटनास्थल पर जाकर लिया जायजा

अलीगंज अग्निकांड पर मंत्री ए.के. शर्मा ने जताया गहरा दुःख,चिकित्सकों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के लिए निर्देश

लखनऊ, 22 जून 2026

लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुई दुखद अग्नि दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने गहरा दुःख व्यक्त किया तथा तत्काल राहत एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।

मंत्री श्री शर्मा ने ट्रामा सेंटर में भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद एवं अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों से घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी न रहने पाए।मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

ट्रामा सेंटर में घायलों का हाल जानने के पश्चात मंत्री श्री शर्मा सीधे अलीगंज स्थित दुर्घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की।मंत्री श्री शर्मा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की जांच करने, सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।श्री शर्मा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow