सेवा बस्तियों में संतों के सत्संग से बंद होगा मतांतरण - शंकर स्वामी

Feb 18, 2025 - 21:28
 0  18
सेवा बस्तियों में संतों के सत्संग से बंद होगा मतांतरण - शंकर स्वामी

मंदिरों का पैसा अनुसूचित समाज के कल्याण एवं धर्म प्रचार में लगना चाहिए

एक लाख दलित परिवारों में लक्ष्मी की मूर्ति का वितरण करेंगे शंकर स्वामी

महाकुम्भनगर।

शंकर स्वामी कर्नाटक के वीर शैव सम्प्रदाय के संत हैं। वह तेलांगाना संत परिषद के अध्यक्ष व विश्व हिन्दू परिषद मार्गदर्शक मण्डल के सदस्य हैं। सामाजिक समरसता के लिए उन्होंने तेलांगाना में कई अभिनव प्रयोग शुरू किये हैं। शंकर स्वामी ने तेलांगाना, आन्ध्र प्रदेश लव केरल के एक लाख हिन्दू परिवारों में लक्ष्मी की मूर्ति के वितरण का संकल्प लिया है। मूर्ति वितरण का कार्य उन्होंने महाकुंभ से शुरू कर दिया है। तेलांगाना के प्रख्यात संत व श्री मनिकेशा महासंस्थानम तेलांगाना के पीठाधीश्वर शंकर स्वामी से हिन्दुस्थान समाचार के वरिष्ठ संवाददाता बृजनन्दन राजू ने धर्म,अध्यात्म व सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों पर विस्तार से बातचीत की।

प्रस्तुत है उनसे बातचीत के संक्षिप्त अंश। 

दक्षिण भारत में अभी दलित समाज की स्थिति क्या है?

अनुसूचित समाज के साथ जो भेदभाव होता है उनके ऊपर जो अत्याचार होता है वह बाहर तो नहीं दिखता है लेकिन उनकी जिंदगी में बदलाव नहीं आया है। तेलांगाना व आन्ध्र प्रदेश में अभी भी उनके साथ भेदभाव होता है। कई क्षेत्रों में तो जातिगत भेदभाव बहुत ज्यादा है। आर्थिक दृष्टि से वह काफी पीछे हैं। इसलिए तथाकथित सवर्ण लोग भी परेशान करते हैं और मतांतरण न करने की वजह से ईसाई सामाजिक बहिष्कार तक भी करते हैं। घर जाने के लिए रास्ता बंद कर देते हैं। उनके घरों पर पत्थरबाजी कराते हैं। मतांतरण करने के लिए दबाव बनाते हैं। अपनी संपत्ति व घर बेंचने के लिए मजबूर करते हैं। 20 लाख के घर का वह 01 करोड़ रूपये तक देते हैं। एक स्थान पर अभी हम होकर आये हैं दलित परिवारों ने मतांतरण नहीं किया तो 20 दलित परिवारों का रास्ता बंद कर दिया।

हिन्दू समाज का मतांतरण कैसे बंद होगा?

जब संत स्वयं सेवा बस्तियों में जायेंगे सत्संग करेंगे और अनुसूचित समाज के बंधुओं के साथ बैठकर भोजन प्रसाद ग्रहण करेंगे तो मतांतरण जरूर बंद हो जायेगा। हमने समानता ही सनातन धर्म बोलकर एक कार्यक्रम किया। 350 दलित समुदाय की महिलाएं आयीं। स्वयं हमने उनकी पादपूजा कर तुलसी माला व लक्ष्मी की मूर्ति भेंट की। 

गरीबी का फायदा उठाकर ईसाई अनुसूचित समाज का मतांतरण कराते हैं इसे कैसे बचा जा सकता है?

हिन्दू धर्म के मंदिरों का पैसा अनुसूचित जाति के कल्याण व हिन्दू धर्म के प्रचार में लगाना चाहिए। हिन्दू धर्म के बड़े—बड़े मंदिर दक्षिण भारत में है वह पैसा सरकार ले रही है। हमारे मठ मंदिरों को सरकार मुक्त करे और इसका प्रबंधन हिन्दू समाज को सौंपे। मंदिर के पास हजारों करोड़ रूपया आता है वह कहां जा रहा है। वह पैसा हिन्दू समाज का है। इसलिए मंदिरों का पैसा दलितों की शिक्षा व स्वास्थ्य पर खर्च करना चाहिए। 

अनुसूचित समाज की स्थिति आज भी दयनीय है,इसके लिए कौन जिम्मेदार है?

स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद भी भारत में दलित समाज की दयनीय स्थिति है उसके लिए राजनीतिक पार्टियां जिम्मेदार हैं। अभी भी कई पार्टियां सनातन विरोधी हैं। कांग्रेस पार्टी हिन्दू समाज को बांटने का काम कर रही है। अनुसूचित समाज के बंधु सनातन धर्म के रक्षक थे। जब विधर्मियों ने हमला किया तब यही लोग संघर्ष के लिए आगे आये। मुसलमान व अंग्रेजों ने सनातनधर्मी लोगों को बांटना शुरू किया और आपस में भेद निर्माण किया। आजादी के बाद यही काम राजनैतिक पार्टियों ने किया।  

सामाजिक भेदभाव को दूर करने का उपाय क्या है?

हमारी सोच बदलने की आवश्यकता है। संतों के प्रबोधन से ज्यादा असर पड़ेगा। दलित समुदाय के घरों में जाना। सेवा बस्तियों में शयन करना। उनके घर में जाना प्रेरणा देना। अभी तक दलित समुदाय के लोगों को सनातन धर्म क्या हैं इसके बारे में कुछ भी पता नहीं है। तिलक मंत्र व पूजा पाठ का एक श्लोक भी पता नहीं है। हम समाज में भ्रम व विष को निकालने का काम करें। मिलजुलकर रहें तो भेदभाव मिटाया जा सकता है। 

दक्षिण भारत के कुछ मंदिरों में दलित पुजारी भी रखे गये हैं?

हमारा उद्देश्य समाज में भेदभाव को समाप्त कर समरस भारत का निर्माण करना है। तेलांगाना में वाल्मीकि समाज, कोली समाज व मातंग समाज के अनेक लोग पुजारी हैं यह संख्या बढ़ाने का हम प्रयत्न कर रहे हैं। हमने अपने गांव के मंदिर में गर्भगृह तक अनुसूचित जाति के बंधुओं का प्रवेश करवाया। हमारे मंदिर में सभी माता की मूर्ति को छू सकते हैं। स्पर्श कर सकते हैं। दलित समुदाय से माता रानी का अभिषेक करवाया तब से हमारे गांव में ईसाईयत का प्रभाव कम हुआ है। हम मानव सेवा ही माधव सेवा को मानकर सनातन धर्म की रक्षा के लिए हम निरंतर काम कर रहे हैं। 

बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हमले रूक नहीं रहे हैं,आप क्या कहेंगे?

बांग्लादेश में लगातार हिन्दुओं पर सुनियोजित तरीके से अत्याचार हो रहा है। हिन्दू समाज के लिए यह चिंता का विषय है। अभी हमले रूके नहीं हैं। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर अत्याचार के खिलाफ तेलांगाना में सबसे पहले हमने बड़ा प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन से पूर्व बैठक में 60 जातियों के प्रमुख आये थे।

कहा जा रहा है दिल्ली में दलितों ने भाजपा का साथ दिया इसलिए विजय हुई आप क्या कहेंगे?

दिल्ली में हिन्दुओं के एकत्रित होने से भाजपा की विजय हुई। दिल्ली की जनता ने सनातन धर्म के विरोधियों को हराया है। अरविन्द केजरीवाल ने हिन्दू समाज में भ्रम फैलाने और हिन्दू और मुस्लिम के रूप में बांटने का काम किया। ऐसे लोगों को हिन्दू समाज समझ गया और ओबीसी, एसएसी और एसटी समुदाय ने एक होकर भाजपा को जिताया। हम भी चुनाव के दौरान दिल्ली के कम से कम 400 दलित परिवारों में गए, लक्ष्मी मूर्ति दी और उनके घरों में भोजन किया। 

महाकुम्भ से आप क्या संदेश देंगे?

महाकुंभ समता कुंभ है, समरसता के संगम में सभी मां का पावन सानिध्य ले रहे हैं। महाकुंभ से एक ही संदेश लेकर जाना कि हम सब एक हैं और एक रहेंगे। मां गंगा ने सभी सभी जाति व पंथ के लोगों को अपनी गोद में लिया व उन्हें परिस्कृत किया। अब तक आधा भारत मां गंगा की गोद में डुबकी लगा चुका है। सनातन की दिव्यता का अहसास कराता यह महाकुंभ, देश के सांस्कृतिक पुनरोत्थान और जागरण का प्रतीक बन चुका है। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी यह बताती है कि अब सनातन की आभा से पूरा विश्व आलोकित होने जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow