वाराणसी में मंत्री ए.के. शर्मा ने शुरू किया 76 दिवसीय वार्ड प्रवास, 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' का दिया संदेश

वाराणसी में मंत्री ए.के. शर्मा ने शुरू किया 76 दिवसीय वार्ड प्रवास, 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' का दिया संदेश

Jul 19, 2026 - 16:18
 0  19
वाराणसी में मंत्री ए.के. शर्मा ने  शुरू किया 76 दिवसीय वार्ड प्रवास, 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' का दिया संदेश

वाराणसी(हिन्द भास्कर):- रविवार को शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सूरजकुंड से 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम का नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने शुभारंभ किया। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि वार्डों में जाकर स्वच्छता, जनसंपर्क, जनसमस्याओं के समाधान और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर मंत्री शर्मा ने कहा कि भारत के इतिहास में स्वच्छता को सबसे अधिक महत्व देने वाले दो महान व्यक्तित्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने स्वयं काशी की गलियों में झाड़ू लगाकर पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया और इसे जनआंदोलन का रूप दिया। मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी ने विकास का नया अध्याय लिखा है।

काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट, रिंग रोड, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, रोपवे और बनास डेयरी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं या तेजी से प्रगति पर हैं। निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर देश के लिए आदर्श मॉडल बनेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने सनातन काशी की गरिमा, विरासत और विकास को इतनी प्राथमिकता दी है। मंत्री शर्मा ने कहा कि वार्ड प्रवास कार्यक्रम केवल स्वच्छता अभियान नहीं है, बल्कि जनता से सीधा संवाद का माध्यम है।

इसके जरिए नागरिकों की समस्याएं मौके पर सुनकर समाधान कराया जाएगा और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी ने बताया कि इस अभियान में सभी लोग "स्वच्छ काशी, सुंदर काशी" का संदेश लेकर घर-घर जाएंगे। अभियान के दौरान लाभार्थीपरक शिविर, चिकित्सा शिविर, वृक्षारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर स्वच्छ, सुंदर और विकसित काशी के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow