डीपीआर लंबित करने वाले ईओ एवं पीओ पर होगी कड़ी कार्रवाई:- मंत्री ए के शर्मा

डीपीआर लंबित करने वाले ईओ एवं पीओ पर होगी कड़ी कार्रवाई:- मंत्री ए के शर्मा

Mar 29, 2026 - 20:53
 0  44
डीपीआर लंबित करने वाले ईओ एवं पीओ पर होगी कड़ी कार्रवाई:- मंत्री ए के शर्मा

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने लखनऊ में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और सख्त निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट और सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन अधिशासी अधिकारियों एवं परियोजना अधिकारियों द्वारा स्वीकृत योजनाओं के सापेक्ष विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) समय से तैयार कर शासन को प्रेषित नहीं की जा रही है, उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि सभी नगरीय योजनाएं तय समयसीमा के भीतर धरातल पर उतरें और आम जनता को उनका लाभ शीघ्र प्राप्त हो। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, वंदन योजना, पेयजल योजना, कान्हा गौशाला योजना, उपवन योजना तथा आदर्श नगर पालिका योजना सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

प्रत्येक योजना के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, डीपीआर तैयार करने की प्रगति, वित्तीय स्वीकृति, कार्यारंभ एवं पूर्णता की समयसीमा पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री शर्मा ने निर्देशित किया कि सभी ईओ एवं पीओ (डूडा) अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित डीपीआर को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करें और समय से शासन को प्रेषित करें, ताकि स्वीकृत परियोजनाओं पर कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।

मंत्री शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसका त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आमजन से फीडबैक लिया जाए, जिससे योजनाओं की प्रभावशीलता और बेहतर बनाई जा सके।

उन्होंने कहा कि नगरीय विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसके माध्यम से शहरों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसलिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस दौरान प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद,सचिव रविंद्र कुमार, विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow