लखनऊ में IRITM और UPMRCL के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता, मेट्रो-रेल कर्मियों की ट्रेनिंग होगी हाईटेक
लखनऊ में IRITM और UPMRCL-CoET के बीच MoU, रेल और मेट्रो कर्मियों की ट्रेनिंग होगी बेहतर, 5 साल तक साझा होगा इंफ्रास्ट्रक्चर और एक्सपर्टीज।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ा समझौता हुआ है। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRCL) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ट्रेनिंग (CoET) के बीच ट्रेनिंग की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए MoU साइन किया गया है।
हिन्द भास्कर को मिली जानकारी के मुताबिक इस MoU पर IRITM की तरफ से अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी और UPMRCL की तरफ से महानिदेशक CoET प्रशांत मिश्रा (IRSEE) ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान CoET के प्रिंसिपल सुदीप सिंह (IRTS), महाप्रबंधक (ऑपरेशंस) कृष्ण शुक्ल समेत कई सीनियर फैकल्टी मौजूद रहे।
क्या होगा फायदा?
इस समझौते का सबसे बड़ा मकसद रेल और मेट्रो में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की ट्रेनिंग को और बेहतर बनाना है। दोनों संस्थान अब मिलकर -
- जॉइंट ट्रेनिंग प्रोग्राम और केस स्टडी तैयार करेंगे
- एक-दूसरे के एक्सपर्ट टीचरों का आदान-प्रदान करेंगे
- अधिकारियों के लिए इंटर्नशिप और फील्ड एक्सपोजर कराएंगे .
- सेमिनार, वर्कशॉप और गेस्ट लेक्चर आयोजित करेंगे
इसके अलावा दोनों संस्थान अपनी लैब, लाइब्रेरी, सिमुलेशन फैसिलिटी और क्लासरूम को भी एक-दूसरे के साथ शेयर करेंगे, ताकि कर्मचारियों को नई तकनीक सीखने को मिले।
यह MoU 5 साल तक लागू रहेगा। इससे न सिर्फ लखनऊ बल्कि पूरे देश में रेल और मेट्रो के लिए कुशल स्टाफ तैयार करने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
