जौनपुर में हिंदू और मुस्लिम जोड़ों का विवाह बन गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल
जौनपुर में हिंदू और मुस्लिम जोड़ों का विवाह बन गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए. के. शर्मा की उपस्थिति में ऐतिहासिक शाही किले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भव्य आयोजन हुआ।
जिला समाज कल्याण विभाग के अनुसार इस कार्यक्रम में 623 जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ, जिनमें 11 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी शामिल था।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं सांस्कृतिक विधि-विधान के साथ हुआ। इस आयोजन से समाज में एकता और प्रेम का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत सराहनीय पहल है।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में आने वाली कठिनाइयों को दूर करना है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है और समाज में समानता एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।
मंत्री शर्मा ने आगे कहा कि इस आयोजन में सभी धर्मों एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए विवाह सम्पन्न कराए जाते हैं। हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह सम्पन्न होता है, वहीं मुस्लिम समुदाय के लिए विधिवत निकाह की व्यवस्था की जाती है, जो गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर मिसाल है।
मंत्री शर्मा ने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण एवं आमजनमानस उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
