लखनऊ अग्निकांड के बाद गोरखपुर में फायर सेफ्टी जांच अभियान शुरू,नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई
लखनऊ अग्निकांड के बाद गोरखपुर में फायर सेफ्टी जांच अभियान शुरू,नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई
गोरखपुर(हिन्द भास्कर):- लखनऊ के अलीगंज में अवैध कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर गोरखपुर में सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम प्रशांत वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम गोरखनाथ और चिलुआताल थाना क्षेत्र में कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी, अस्पतालों और अन्य व्यावसायिक भवनों का निरीक्षण कर रही है। टीम फायर सेफ्टी और भवन सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।
जांच टीम में राघवेंद्र, सहायक अभियंता (गोरखपुर विकास प्राधिकरण), सुनील कुमार गुप्ता, विद्युत सुरक्षा अधिकारी, तथा जितेंद्र कुमार, फायरमैन, नगर क्षेत्र शामिल रहे। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा और भवन मानचित्र की स्थिति का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थान निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि कुछ भवनों और संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां मिलीं।
ऐसे भवन स्वामियों और संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। मीडिया से बातचीत में अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम प्रशांत वर्मा ने बताया कि जिन व्यावसायिक भवनों में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, उनमें से कई भवन स्वामी जांच अभियान की जानकारी मिलते ही अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से अनुपस्थित हो गए। ऐसे भवन स्वामियों को भी नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई भवन स्वामी निर्धारित सुरक्षा एवं भवन मानकों को पूरा नहीं करता है तो संबंधित भवन को सील करने की कार्रवाई की जाएगी तथा भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। इसके अलावा जिन भवनों का मानचित्र स्वीकृत नहीं है या निर्माण मानचित्र के विपरीत पाया जाता है, उनके खिलाफ भी संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?
