ऊर्जा मंत्री ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

ऊर्जा मंत्री ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

Jun 25, 2026 - 17:56
 0  13
ऊर्जा मंत्री ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर जनसुनवाई की। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। मंत्री ने ऊर्जा और नगर विकास विभाग से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। इनमें नगर निकायों की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सीवर एवं जल निकासी की समस्याएं, विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर स्थापना एवं क्षमता वृद्धि, विद्युत आपूर्ति से जुड़े प्रकरण, आवास योजनाओं के लाभ, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

मंत्री शर्मा ने एक-एक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं को यथाशीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। मंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई केवल शिकायत सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच सीधे संवाद तथा विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी मंच है।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति, नए कनेक्शन, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि तथा अन्य तकनीकी मामलों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

वहीं नगर विकास विभाग के अधिकारियों को सफाई, पेयजल, सीवर, जलभराव, आवास एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow