ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रयागराज में की विकास कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रयागराज में की विकास कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

Jun 26, 2026 - 18:26
 0  9
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रयागराज में की विकास कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज प्रयागराज दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में बैठक की। उन्होंने ऊर्जा विभाग, नगर विकास विभाग और विकास प्राधिकरण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए तय समय सीमा में पूरा किया जाए।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री शर्मा ने प्रदेशवासियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत का तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों की मांग पर स्वीकृत अथवा निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।

उन्होंने कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। नगर विकास एवं विकास प्राधिकरण की समीक्षा में मंत्री शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाकर उन्हें आगामी माघ मेले से पूर्व हर हाल में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों में भी गति लाने के निर्देश दिए। मंत्री शर्मा ने कहा कि महाकुंभ के पूर्व शहर के जिन प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण किया गया है, उनका पुनः निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

वर्षाकाल को देखते हुए सभी नालों की समयबद्ध सफाई कर जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाई जाए। उन्होंने हनुमान मंदिर कॉरिडोर के शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र के किनारे स्थापित स्ट्रीट लाइटों के संबंध में निर्देशित किया कि जहां उनकी आवश्यकता अभी भी बनी हुई है, वहां उन्हें हटाया न जाए, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में मंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसुविधाओं और विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक परियोजना गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow