लखनऊ कोचिंग अग्निकांड से हड़कंप, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड से हड़कंप, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

Jun 23, 2026 - 13:18
 0  39
लखनऊ कोचिंग अग्निकांड से हड़कंप, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- लखनऊ में हुए कोचिंग सेंटर अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में कई विद्यार्थियों की मौत हो गई।प्रारंभिक तौर पर हादसे को सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के बाद पूरे मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।

वहीं इस घटना को लेकर गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी, राष्ट्रीय संयोजक ओंकार सिंह एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सह दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पंडित संतोष मिश्रा ने संयुक्त रूप से गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत विद्यार्थियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यदि कोचिंग संस्थानों, भवन संचालकों एवं संबंधित विभागों द्वारा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया गया होता, तो शायद इतनी बड़ी जनहानि नहीं होती। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार सभी अधिकारियों, भवन स्वामियों एवं संस्थान संचालकों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।

राष्ट्रीय संयोजक ओंकार सिंह ने कहा कि देश के युवाओं का जीवन किसी भी प्रकार की लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि राज्यभर के सभी कोचिंग संस्थानों, शिक्षण केंद्रों एवं व्यावसायिक भवनों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सह दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पंडित संतोष मिश्रा ने कहा कि यह हादसा केवल कुछ परिवारों का नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र का दर्द है। जो विद्यार्थी देश और समाज का भविष्य बनने का सपना लेकर शिक्षा ग्रहण कर रहे थे, उनकी असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता, न्याय तथा दोषियों को शीघ्र और कड़ा दंड सुनिश्चित किया जाए।

गोरक्षनाथ सनातन संघ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन देशभर में जनजागरण अभियान चलाकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के लिए बाध्य होगा।

अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें। "जिन दीपकों ने राष्ट्र के भविष्य को प्रकाशमान करना था, वे आज बुझ गए हैं, किंतु उनकी स्मृतियां सदैव अमर रहेंगी।"

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow