यूपी को ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बूस्ट 2400 मेगावाट की नई तापीय परियोजना को मिली मंजूरी

यूपी को ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बूस्ट 2400 मेगावाट की नई तापीय परियोजना को मिली मंजूरी

May 18, 2026 - 13:08
 0  26
यूपी को ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बूस्ट 2400 मेगावाट की नई तापीय परियोजना को मिली मंजूरी

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। प्रदेश सरकार ने 3x800 मेगावाट क्षमता की नई तापीय ऊर्जा परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। कुल 2400 मेगावाट क्षमता वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत लगभग ₹38,358 करोड़ होगी। इस परियोजना को प्रदेश सरकार एवं एनटीपीसी के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से स्थापित और संचालित किया जाएगा।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने इस ऐतिहासिक निर्णय पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में लगभग 4000 मेगावाट की नई तापीय ऊर्जा क्षमता जोड़ी गई है, जिससे प्रदेश की तापीय ऊर्जा क्षमता लगभग दोगुनी हो चुकी है। अब सरकार इसे तीन गुना करने के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है।

यह नई परियोजना उसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मंत्री शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान एनटीपीसी के साथ इस परियोजना के लिए अनुबंध किया था। आज मंत्रिपरिषद द्वारा मिली मंजूरी उस संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से प्रदेश में उद्योगों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सस्ती, पर्याप्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में बड़ी सहायता मिलेगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

मंत्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल जनसंख्या के आधार पर ही नहीं, बल्कि ऊर्जा क्षमता और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी राज्य बनता जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर घर, हर गांव और हर उद्योग तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाई जाए।

ये परियोजना यूपी की बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ी बढ़ोतरी करेगी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow