भारत टेक्स-2026 में बोले मंत्री राकेश सचान: योगी सरकार में यूपी बना देश का अग्रणी टेक्सटाइल हब
भारत टेक्स-2026 में बोले मंत्री राकेश सचान: योगी सरकार में यूपी बना देश का अग्रणी टेक्सटाइल हब
नई दिल्ली(हिन्द भास्कर):- भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 के दौरान उत्तर प्रदेश के वस्त्र उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पारंपरिक बुनकरी की समृद्ध विरासत को आधुनिक औद्योगिक विकास से जोड़कर देश के अग्रणी टेक्सटाइल हब के रूप में तेजी से उभर रहा है।
भारत टेक्स-2026 के मंच से उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5एफ विजन - फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैक्ट्री, फैक्ट्री टू फैशन और फैशन टू फॉरेन - को आधार बनाकर प्रदेश सरकार निवेश, रोजगार, नवाचार और निर्यात को नई गति दे रही है। योगी सरकार की टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग नीति और बुनकर कल्याण योजनाओं ने यूपी को वैश्विक टेक्सटाइल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है। राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश के लगभग 1.91 लाख हथकरघा बुनकर अपनी कला से देश-विदेश में पहचान बना रहे हैं।
बनारसी साड़ी, लखनऊ की चिकनकारी, भदोही के कालीन, सीतापुर की दरी और मेरठ-बागपत के होम टेक्सटाइल उत्पाद आज यूपी की वैश्विक पहचान हैं। पारंपरिक उत्पादों के साथ तकनीकी वस्त्र और आधुनिक गारमेंटिंग क्षेत्र में भी प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग पॉलिसी-2022 के तहत निवेशकों को भूमि लागत में सहायता, स्टांप शुल्क में छूट, पूंजीगत और ब्याज अनुदान जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
इसी कारण टेक्सटाइल क्षेत्र में नए निवेश और रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। बुनकरों के सशक्तीकरण के लिए हजारों हथकरघा बुनकरों को बिजली बिल पर सब्सिडी, संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार, आईआईएचटी वाराणसी के छात्रों को छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना के तहत वित्तीय सहायता दी जा रही है।
मंत्री सचान ने कहा कि पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क की स्थापना से वस्त्र उद्योग को नई गति मिलेगी। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में बुनकरों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों की भागीदारी के लिए सरकार स्टॉल, यात्रा और परिवहन पर सहायता दे रही है ताकि प्रदेश के उत्पाद वैश्विक बाजार तक पहुंचें।
What's Your Reaction?
