विश्व युवा कौशल दिवस पर योगी सरकार की दो बड़ी डिजिटल पहल, ‘कौशल सेतु’ और ‘कौशल सारथी’ लॉन्च
विश्व युवा कौशल दिवस पर योगी सरकार की दो बड़ी डिजिटल पहल, ‘कौशल सेतु’ और ‘कौशल सारथी’ लॉन्च
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाने के साथ कौशल विकास प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बना रही है। विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के राज्य स्तरीय समारोह में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने दो महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सबसे पहले UPSDM के डिजिटल पोर्टल ‘कौशल सेतु’ का उद्घाटन किया।
यह पोर्टल ट्रेनिंग पार्टनर्स के पंजीकरण और एम्पैनलमेंट की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन, पेपरलेस और पारदर्शी बनाएगा। अब संस्थान आवेदन, दस्तावेज़ अपलोड और सभी जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर जमा कर सकेंगे। इससे प्रशिक्षण प्रदाताओं को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके बाद उन्होंने ‘कौशल सारथी’ प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। यह प्लेटफॉर्म युवाओं को उनके जिले में उपलब्ध प्रशिक्षण केंद्रों, कोर्सों और ट्रेनिंग पार्टनर्स की जानकारी एक ही जगह देगा।
डिजिटल मैप के जरिए युवा प्रशिक्षण केंद्रों की लोकेशन, पता और संपर्क देखकर अपने लिए उपयुक्त कोर्स चुन सकेंगे। अब प्रदेश के हर जिले के ट्रेनिंग सेंटर की जानकारी युवाओं को एक क्लिक पर मिलेगी। समारोह में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने इंडस्ट्री ट्रेनिंग पार्टनर केएलके प्राइवेट लिमिटेड और विनसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ एमओयू भी किया। इससे युवाओं को रोबोटिक्स, एआई और टेक्सटाइल जैसे भविष्य के सेक्टर में प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के अवसर मिलेंगे।
मंत्री अग्रवाल ने ‘स्किलिंग द फ्यूचर उत्तर प्रदेश, जर्नी फ्रॉम ट्रेनिंग टू ट्रांसफॉर्मेशन’ नामक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कौशल विकास को टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्री और रोजगार से जोड़कर युवाओं को ‘कौशल से स्वावलंबन और स्वावलंबन से सम्मान’ के मंत्र के साथ आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
